नयी दिल्ली, 18 जून (भाषा) अखिल भारतीय महिला कांग्रेस ने बुधवार को दावा किया कि बिहार में करीब 40 हजार स्कूलों में से मात्र 350 स्कूलों में ‘सेनेटरी पैड’ उपलब्ध कराने की सुविधा है तथा राज्य में 80 प्रतिशत लड़कियों को महावारी के दौरान इस्तेमाल के लिए ‘पैड’ नहीं मिल पा रहा है।
महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अलका लांबा ने एक सर्वेक्षण का हवाला देते हुए यह दावा किया।
उनके दावे पर फिलहाल बिहार सरकार की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
अलका ने संवाददाताओं से बातचीत में यह भी कहा कि उनके संगठन ने बेगूसराय, वैशाली और दिल्ली में ‘सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीन’ लगाई।
उनका कहना था, ‘‘इन मशीनों के जरिए 50 महिलाओं को रोजगार दिया गया है।’’
उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी जी के जन्मदिन के मौके पर बिहार में 25 हजार महिलाओं को सेनेटरी पैड वितरित किए जाएंगे।
अलका ने कहा, ‘‘बिहार के सच से राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण भी अंजान है। आज भारत में 11 वर्ष से 49 वर्ष की करीब 40 करोड़ लड़कियां व महिलाएं हैं जो पीरियड के दौरान पैड का उपयोग करती हैं। ऐसे में हमें हर महीने 400 करोड़ पैड की जरूरत है, लेकिन बिहार में 80 प्रतिशत लड़कियों को पैड नहीं मिलता है।’’
उन्होंने दावा किया, ‘‘बिहार के हर स्कूल में सेनेटरी मशीन लगनी थी, लेकिन आंकड़े बताते हैं कि 40 हजार स्कूलों में से मात्र 350 स्कूलों में सेनेटरी पैड उपलब्ध कराए जा रहे हैं।’’
भाषा हक हक पवनेश
पवनेश