34.4 C
Jaipur
Thursday, June 19, 2025

गोवा: मंत्रिमंडल से मंत्री को हटाए जाने के बाद विपक्ष ने ‘‘भ्रष्टाचार’’ को लेकर सरकार पर निशाना साधा

Newsगोवा: मंत्रिमंडल से मंत्री को हटाए जाने के बाद विपक्ष ने ‘‘भ्रष्टाचार’’ को लेकर सरकार पर निशाना साधा

पणजी, 19 जून (भाषा) गोवा में विपक्षी दलों ने कला एवं संस्कृति मंत्री गोविंद गौड़े को राज्य मंत्रिमंडल से हटाए जाने के बाद कथित भ्रष्टाचार को लेकर मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत के नेतृत्व वाली सरकार पर निशाना साधा है।

गौड़े को बुधवार को मुख्यमंत्री सावंत के मंत्रिमंडल से हटा दिया गया। गौड़े ने लगभग एक महीने पहले मुख्यमंत्री सावंत के नेतृत्व वाले आदिवासी कल्याण विभाग में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया था।

राज्य के अवर सचिव (सामान्य प्रशासन) श्रेयस डिसिल्वा द्वारा जारी अधिसूचना में उनकी बर्खास्तगी का आधिकारिक कारण नहीं बताया गया।

कांग्रेस की गोवा इकाई के प्रमुख अमित पाटकर ने बुधवार शाम संवाददाताओं से कहा कि सावंत के नेतृत्व वाली कैबिनेट के कई मंत्री भ्रष्टाचार में लिप्त हैं और उन्हें हटाया जाना चाहिए।

आम आदमी पार्टी (आप) की गोवा इकाई के अध्यक्ष अमित पालेकर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक ‘पोस्ट’ साझा कर गौड़े को हटाए जाने का स्वागत किया। उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी राज्य के लोगों की मदद से सावंत सरकार को गिरा देगी।

गोवा फॉरवर्ड पार्टी के प्रमुख विजय सरदेसाई ने कहा कि जब मंत्री के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे तब उन्हें कभी नहीं हटाया गया।

सरदेसाई ने कहा, ‘‘लेकिन अब जब उन्होंने आदिवासी विभाग में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए तो सरकार ने उनके खिलाफ कार्रवाई की।’’

गौड़े ने उन्हें हटाए जाने के फैसले को वंचित तबकों के लिए खड़े होने का ‘‘पुरस्कार’’ बताया।

भाषा

सिम्मी वैभव

वैभव

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles