तिरुवनंतपुरम, 20 जून (भाषा) केरल की मंत्री आर बिंदु और वी शिवनकुट्टी ने केंद्रीय मंत्री अमित शाह की अंग्रेजी भाषा के खिलाफ हाल में की गई कथित टिप्पणियों की शुक्रवार को आलोचना की और दावा किया कि वे एक ‘‘प्रतिबंधात्मक और संकीर्ण मानसिकता’’ वाले राजनीतिक दृष्टिकोण को दर्शाती हैं और ‘‘निंदनीय’’ हैं।
राज्य की उच्च शिक्षा मंत्री बिंदु ने कहा कि अंग्रेजी दुनिया भर में एक-दूसरे से संवाद करने तथा इंटरनेट पर सबसे अधिक इस्तेमाल की जाने वाली भाषा है।
उन्होंने कहा, ‘‘ यह विचार कि बच्चों को अंग्रेजी नहीं सीखनी चाहिए या यह उनके लिए शर्मनाक होगा, इससे उनकी (बच्चों की) दुनिया और अधिक सीमित हो जाएगी।’’
शाह की टिप्पणी के संबंध में संवाददाताओं के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा, ‘‘इसके अलावा, भारत एक ऐसा द्वीप नहीं है जो दुनिया में अलग थलग है। इसलिए अंग्रेजी सीखना एक आवश्यकता बनती जा रही है।’’
केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने कथित तौर पर कहा था कि जल्द ही भारत में अंग्रेजी बोलने वालों को शर्म महसूस होगी।
बिंदु की ही तरह राज्य के शिक्षा मंत्री वी. शिवनकुट्टी ने भी शाह की टिप्पणी को ‘‘निंदनीय’’ करार दिया और कहा कि ‘‘कोई भी भाषा किसी दूसरी भाषा से ऊंची या नीची नहीं है।’’
उन्होंने एक बयान में कहा, ‘‘प्रत्येक भाषा का अपना महत्व है। अंतरराष्ट्रीय भाषा के रूप में अंग्रेजी ज्ञान और संचार का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। यह देश की प्रगति में सहायक हो सकती है।’’
शिवनकुट्टी ने कहा कि केरल सरकार सभी भाषाओं को बढ़ावा देने तथा यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि विद्यार्थियों को अपनी इच्छानुसार भाषा चुनने की स्वतंत्रता हो।
भाषा शोभना नरेश
नरेश