कोलकाता, 20 जून (भाषा) दक्षिण कोलकाता के भवानीपुर में शुक्रवार शाम को उस समय तनाव फैल गया जब भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष सुकांत मजूमदार और लंदन के डॉक्टर रजतशुभ्र बंदोपाध्याय को सड़क किनारे हुई एक संक्षिप्त बातचीत के बाद पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
केंद्रीय मंत्री मजूमदार और बंदोपाध्याय को हिरासत में लिए जाने के बाद विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए।
केंद्रीय राज्य मंत्री मजूमदार पुलिस प्रतिबंधों की अवहेलना करते हुए ‘पश्चिमबंग दिवस’ (पश्चिम बंगाल दिवस) मनाने के लिए मोटरसाइकिल पर सवार होकर भवानीपुर पहुंचे।
उन्होंने श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और फिर बंदोपाध्याय से मिलने के लिए हरीश मुखर्जी रोड पर स्थित उनके आवास की तरफ बढ़े।
जैसे ही मजूमदार का काफिला इलाके के पास पहुंचा, पुलिस अधिकारियों ने उसे रोक लिया और दावा किया कि डॉक्टर घर पर नहीं हैं।
हालांकि, इसके तुरंत बाद भाजपा द्वारा सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो में बंदोपाध्याय को उनके आवास पर दिखाया गया, जिससे आसपास जमा पार्टी समर्थकों में गुस्सा भड़क गया। तनाव तब और बढ़ गया जब भाजपा कार्यकर्ताओं की पुलिस अधिकारियों के साथ तीखी बहस हुई।
कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि उन्हें गुमराह किया जा रहा है और राज्य सरकार ‘‘पुलिस का इस्तेमाल करके राजनीतिक मुलाकातों पर भी रोक लगाना चाहती है।’’
पूरे घटनाक्रम के बीच, बंदोपाध्याय अपने आवास से बाहर आये और सड़क पर मजूमदार से मिले।
दोनों के बीच संक्षिप्त बातचीत हुई, तभी मजूमदार और बंदोपाध्याय दोनों को हिरासत में लेकर पुलिस वाहन से सीधे लालबाजार स्थित शहर के पुलिस मुख्यालय ले जाया गया।
डॉक्टर बंदोपाध्याय हाल में लंदन के केलॉग कॉलेज में एक व्याख्यान के दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से सवाल करके चर्चा में आये थे। इस कार्यक्रम में बंदोपाध्याय की टिप्पणियों के कारण कथित तौर पर व्यवधान उत्पन्न हुआ था।
भाषा शफीक माधव
माधव