(तस्वीर सहित)
पटना, 21 जून (भाषा) बिहार में शनिवार को 11वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पूरे उत्साह के साथ मनाया गया।
राजधानी पटना में आयोजित मुख्य कार्यक्रमों में राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, दोनों उपमुख्यमंत्री, मंत्रीगण और वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।
राजभवन की ओर से जारी बयान के अनुसार, ‘राज्यपाल, राज्यपाल सचिवालय के अधिकारियों और कर्मचारियों ने 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राजभवन के दरबार हॉल में आयोजित शिविर में योगाभ्यास किया।’
मुंगेर योग विद्यालय और केंद्र सरकार के आयुष मंत्रालय के योग प्रशिक्षकों ने भारत सरकार के आयुष मंत्रालय द्वारा जारी प्रोटोकॉल के अनुसार उन्हें विभिन्न योग आसन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया।
बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा सहित राज्य सरकार के कई अन्य मंत्रियों और वरिष्ठ नौकरशाहों ने इस अवसर पर पाटलिपुत्र खेल परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम में योग सत्र में भाग लिया।
सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, “11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पाटलिपुत्र खेल परिसर, पटना में आयोजित कार्यक्रम में योगाभ्यास किया। योग अभ्यास से आत्मिक शांति, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा मिलती है। सभी को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं।”
वहीं, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश कार्यालय पर भी योग सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें कई भाजपा नेताओं ने भाग लिया। इसमें प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल और उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा शामिल हुए।
विजय कुमार सिन्हा ने ‘एक्स’ पर लिखा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के प्रयासों से योग एक वैश्विक आंदोलन बन चुका है। आइए, इस अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर योग को अपनाकर भारत को फिर से विश्वगुरु बनाने का संकल्प लें। शुभकामनाएं।”
राज्यभर में विभिन्न स्थलों पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में कार्यक्रम आयोजित किए गए।
भाषा राखी मनीषा
मनीषा