न्यूयॉर्क/बीजिंग, 21 जून (भाषा) दुनिया भर के हजारों लोगों ने शनिवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भारत की इस प्राचीन विधा का अभ्यास किया और इस मौके पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में जोश और उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जाने-माने चिकित्सक, लेखक एवं स्वास्थ्य गुरु दीपक चोपड़ा ने एक ध्यान सत्र का नेतृत्व किया। इस कार्यक्रम की मेज़बानी संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन ने की।
संयुक्त राष्ट्र में 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह में 1,200 से अधिक योग साधकों, राजनयिकों, संयुक्त राष्ट्र के अधिकारियों, राजनयिक दल के सदस्यों और प्रवासी समुदाय ने भाग लिया।
संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि एवं राजदूत पी हरीश ने अपने स्वागत भाषण में कहा कि इस वर्ष योग दिवस का विषय – ‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य’ है जो 2023 में भारत की जी-20 अध्यक्षता के दौरान प्रस्तुत किए गए ‘वसुधैव कुटुंबकम’ के दृष्टिकोण पर आधारित है।
इससे पहले न्यूयॉर्क में भारत के महावाणिज्य दूतावास ने टाइम्स स्क्वायर एलायंस के साथ मिलकर टाइम्स स्क्वायर पर 11वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (आईडीवाई) मनाया। मशहूर अभिनेता अनुपम खेर ने टाइम्स स्क्वायर पर आयोजित इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर लंदन के स्ट्रैंड क्षेत्र के एक प्रतिष्ठित चौक पर सैकड़ों लोग एकत्र हुए, जहां भारतीय उच्चायोग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में सामूहिक रूप से योगाभ्यास किया गया।
ब्रिटेन में भारत के उच्चायुक्त विक्रम दोराईस्वामी ने इस अवसर पर कार्यक्रम की शुरुआत की। उन्होंने योग दिवस की 10वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में शुक्रवार की शाम को महाराजा चार्ल्स तृतीय का विशेष संदेश पढ़कर समारोह का आरंभ किया।
योग के प्रति अपनी रुचि के लिए प्रसिद्ध 76 वर्षीय चार्ल्स ने अपने संदेश में कहा कि यह वार्षिक उत्सव एकता, करुणा और कल्याण जैसे वैश्विक सिद्धांतों को बढ़ावा देता है।
बकिंघम पैलेस द्वारा जारी उनके संदेश में कहा गया, ‘इस वर्ष की थीम ‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग’ हमें यह याद दिलाती है कि वर्तमान और भविष्य की पीढ़ियों के लिए एक खुशहाल और स्वस्थ भविष्य सुनिश्चित करने हेतु विश्व का एकजुट होना कितना आवश्यक है।’
चीन में हजारों लोगों ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योगाभ्यास किया और कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।
यह प्राचीन भारतीय आध्यात्मिक व शारीरिक स्वास्थ्य पद्धति की बढ़ती लोकप्रियता का प्रतीक है।
बीजिंग में भारतीय राजदूत प्रदीप कुमार रावत ने अन्य राजनयिकों के साथ पुराने भारतीय दूतावास परिसर में एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
दो घंटे के इस कार्यक्रम में योग प्रतियोगिता भी शामिल थी, जिसमें सैकड़ों योग प्रेमी शामिल हुए।
सिंगापुर में 11वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस ‘सुपरट्री लॉन’ में आयोजित किया गया। सिंगापुर के संस्कृति, समुदाय और युवा तथा जनशक्ति राज्य मंत्री दिनेश वासु दाश ने इस कार्यक्रम में कहा, ‘‘ तेजी से विभाजित होती दुनिया में, सभी को एक साथ लाने के लिए हमें और अधिक योग की आवश्यकता है।’’
सिंगापुर में भारत के उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अम्बुले ने कहा कि इस वर्ष का विषय, ‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग’ है जो इस गहन सत्य को दर्शाता है कि व्यक्ति, समाज और ग्रह का कल्याण अभिन्न रूप से जुड़ा हुआ है।
नेपाल में काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास ने पोखरा में सुंदर फेवा झील के तट पर 500 से अधिक प्रतिभागियों के साथ योग और ध्यान सत्र का आयोजन किया।
दूतावास ने लुम्बिनी विकास ट्रस्ट के सहयोग से यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल लुम्बिनी सांस्कृतिक क्षेत्र में राजकुमार सिद्धार्थ की प्रतिमा और माया देवी मंदिर में योगाभ्यास का भी आयोजन किया। इस कार्यक्रम में 500 से अधिक योग प्रेमियों ने भाग लिया।
जापान के तोक्यो स्थित भारतीय दूतावास ने प्रतिष्ठित त्सुकिजी होंगवानजी मंदिर में योग महोत्सव का आयोजन किया।
जापान के प्रधानमंत्री शिगेरू इशिबा की पत्नी योशिको इशिबा और जापान के विदेश मंत्री ताकेशी इवाया की पत्नी सतोको इवाया ने योग महोत्सव का उद्घाटन किया।
इस कार्यक्रम में गणमान्य व्यक्तियों, सरकारी प्रतिनिधियों और 2,000 से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया। भारतीय राजदूत सिबी जॉर्ज ने सभा को संबोधित भी किया।
मलेशिया के कुआलालंपुर में भारतीय उच्चायोग ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस भारतीय सांस्कृतिक केंद्र के साथ मिलकर बाटू गुफा परिसर में योग कार्यक्रम का आयोजन किया।
श्रीलंका के कोलंबो में स्वतंत्रता चौक पर एक कार्यक्रम के साथ इस दिन को मनाया गया।
थाईलैंड में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस आज सुबह बैंकॉक के चूललोंगकोर्न विश्वविद्यालय के मैदान में बड़े उत्साह के साथ मनाया गया।
बैंकॉक में भारतीय दूतावास ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया कि विभिन्न क्षेत्रों से 4,000 से अधिक प्रतिभागियों ने एक साथ योगाभ्यास किया, जो ‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग’ की भावना को दर्शाता है।
ऑस्ट्रेलिया में कैनबरा के प्रतिष्ठित पुराने संसद भवन में योग कार्यक्रम आयोजित किया गया।
भाषा शोभना अविनाश
अविनाश