32.8 C
Jaipur
Saturday, June 21, 2025

सैन्य अधिकारियों ने राजनाथ सिंह को सीमा सुरक्षा, अमरनाथ यात्रा की तैयारियों के बारे में जानकारी दी

Newsसैन्य अधिकारियों ने राजनाथ सिंह को सीमा सुरक्षा, अमरनाथ यात्रा की तैयारियों के बारे में जानकारी दी

(फोटो सहित)

जम्मू, 21 जून (भाषा) रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को शनिवार को सेना के शीर्ष अधिकारियों ने जम्मू कश्मीर में मौजूदा सुरक्षा स्थिति के बारे में जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि इस बैठक में सीमावर्ती क्षेत्रों, आतंकवाद रोधी अभियानों और अगले महीने शुरू होने वाली अमरनाथ यात्रा पर ध्यान केंद्रित किया गया।

उन्होंने बताया कि सेना प्रमुख जनरल उपेन्द्र द्विवेदी, उत्तरी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा और सभी इकाइयों के कमांडिंग अफसरों सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उधमपुर स्थित उत्तरी कमान मुख्यालय में बैठक में शामिल हुए।

सिंह शुक्रवार को दो दिवसीय यात्रा पर उत्तरी कमान के उधमपुर मुख्यालय पहुंचे और शनिवार सुबह सशस्त्र बल के अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह का नेतृत्व किया तथा 2,500 सैनिकों के साथ विभिन्न योगासन किए।

अधिकारियों ने बताया कि योग सत्र के बाद सेना के शीर्ष अधिकारियों ने रक्षा मंत्री को केंद्र शासित प्रदेश में मौजूदा सुरक्षा स्थिति से अवगत कराया।

बैठक में सीमावर्ती क्षेत्रों के साथ-साथ अंदरूनी इलाकों में सुरक्षा पर खासकर जंगली इलाकों में आतंकवाद विरोधी अभियानों पर ध्यान केंद्रित किया गया। इसमें तीन जुलाई से दक्षिण कश्मीर हिमालयी क्षेत्र में शुरू होने वाली 38 दिवसीय वार्षिक अमरनाथ यात्रा के लिए किए गए सुरक्षा इंतजामों को भी शामिल किया गया।

सेना अमरनाथ यात्रा के सुचारू संचालन के लिए की गई बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था का हिस्सा है। यात्रा मुख्य रूप से दो मार्ग से होती है जिसमें अनंतनाग जिले में पारंपरिक 48 किलोमीटर लंबा पहलगाम मार्ग है, दूसरा गंदेरबल जिले में 14 किलोमीटर लंबा लेकिन अधिक खड़ी चढ़ाई वाला बालटाल मार्ग है।

भाषा आशीष प्रशांत

प्रशांत

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles