30.3 C
Jaipur
Saturday, June 21, 2025

कृषि गतिविधियों के लिए स्वस्थ रहना जरूरी: चौहान ने किसानों, कृषि वैज्ञानिकों से योग करने का आग्रह किया

Newsकृषि गतिविधियों के लिए स्वस्थ रहना जरूरी: चौहान ने किसानों, कृषि वैज्ञानिकों से योग करने का आग्रह किया

नयी दिल्ली, 21 जून (भाषा) केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को कहा कि कृषि गतिविधियों को प्रभावी ढंग से करने के लिए अच्छा स्वास्थ्य महत्वपूर्ण है और उन्होंने किसानों और कृषि वैज्ञानिकों से योग का अभ्यास करने का आग्रह किया।

उन्होंने राष्ट्रीय राजधानी के पूसा परिसर में 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सामूहिक योग कार्यक्रम में भाग लिया।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, चौहान ने इस बात पर जोर दिया कि उत्पादक कृषि के लिए अच्छा स्वास्थ्य महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा, “खेती तभी प्रभावी ढंग से की जा सकती है, जब शरीर स्वस्थ हो। कई योग आसन भी कृषि कार्य की शारीरिक मांगों को पूरा करते हैं।”

मंत्री ने कहा, “वैज्ञानिकों के लिए योग एकाग्रता और मानसिक स्पष्टता को बढ़ाता है, जो अनुसंधान के लिए आवश्यक है।”

चौहान ने कहा कि आसन (योग मुद्रा) का सार एक स्थिर और स्वस्थ शरीर को बनाए रखना है।

चौहान ने 1998 के एक जीवन बदल देने वाले अनुभव को याद किया, जब एक भीषण दुर्घटना में उन्हें गंभीर चोटें आईं थीं और उनके शरीर के आठ हिस्से प्रभावित हुए थे।

उन्होंने कहा, “उस समय मैं फिर से चलने की कल्पना भी नहीं कर सकता था।”

चौहान ने कहा, “लेकिन योग ने मेरे ठीक होने में अहम भूमिका निभाई। आज मैं योग की परिवर्तनकारी शक्ति की बदौलत उन चोटों के स्थायी प्रभावों से मुक्त होकर एक स्वस्थ, सामान्य जीवन जीने में सक्षम हूं।”

चौहान ने लोगों से आग्रह किया कि वे योग को एक दिन का आयोजन न समझें, बल्कि इसे एक सतत अभ्यास के रूप में अपनाएं, जो दीर्घकालिक कल्याण को बढ़ावा देता है।

भाषा प्रशांत दिलीप

दिलीप

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles