नयी दिल्ली, 21 जून (भाषा) गुजरात पुलिस द्वारा 3.66 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में वांछित एक भगोड़े को इंटरपोल के जरिये सीबीआई समन्वित एक अभियान में संयुक्त अरब अमीरात से वापस लाया गया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
रियल एस्टेट एजेंट उपवन पवन जैन फर्जी पहचान का इस्तेमाल कर धोखा देने, धोखे से संपत्ति हड़पने, मूल्यवान दस्तावेजों की जालसाजी करने और आपराधिक साजिश रचने के आरोप में वांछित था।
उसने एक संभावित खरीदार से 3.66 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की थी और उसके खिलाफ इंटरपोल का रेड नोटिस भी जारी किया गया था।
जैन ने कथित तौर पर खरीदार को चार अलग-अलग संपत्तियां दिखाई थीं। उसने अपने साथी को ‘डमी’ (नकली) संपत्ति मालिक के तौर पर पेश किया, जाली दस्तावेज बनाए और उस व्यक्ति के नाम पर बैंक खाते खोले, ताकि कथित बिक्री से मिले पैसे को हड़प सके।
गुजरात पुलिस के अनुरोध पर 2023 में उसके खिलाफ रेड नोटिस जारी किया गया था।
भाषा प्रशांत दिलीप
दिलीप