गाजीपुर (उप्र), 21 जून (भाषा) गाजीपुर जिले के करंडा थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला ने अपने पति, ससुराल वालों और कुछ ग्रामीणों के खिलाफ मारपीट का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। महिला पर एक व्यक्ति के साथ अवैध संबंध होने का आरोप है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, कुछ दिन पहले महिला के पति, ससुरालवालों और ग्रामीणों ने उसे पिंटू गोंड नाम के व्यक्ति के साथ कथित तौर पर आपत्तिजनक हालत में पकड़ा था।
सूत्रों ने बताया कि दावा किया जा रहा है कि इन लोगों ने पिंटू को महिला की मांग भरने पर मजबूर किया था।
पुलिस ने शनिवार को बताया कि 20 वर्षीय प्रियंका कुमारी ने अपने पति और ससुराल वालों सहित नौ लोगों के खिलाफ मारपीट का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, शिकायतकर्ता महिला की शादी 2023 में रोहित कुमार (22) से हुई थी और उसके पिंटू गोंड के साथ कथित तौर पर अवैध संबंध थे।
ग्रामीणों का दावा है कि 17 जून को रोहित, उसके परिवार के सदस्यों और कुछ ग्रामीणों ने प्रियंका और पिंटू को एक खेत में कथित तौर पर आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ लिया। इसके बाद, महिला के ससुराल वालों और कुछ ग्रामीणों ने कथित तौर पर पिंटू को प्रियंका की मांग में सिंदूर भरने को मजबूर किया।
हालांकि, सूत्रों ने बताया कि कुछ ग्रामीणों ने दावा किया है कि महिला ने पिंटू के साथ संबंध होने से इनकार किया है।
करंडा थाना के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि महिला 18 जून को थाने आई और अपने पति और ससुराल वालों समेत कुल नौ लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
उन्होंने बताया कि तहरीर के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115 (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना) के तहत आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एसएचओ सिंह ने स्पष्ट किया कि उन्हें प्रियंका की पिंटू के साथ कथित जबरन शादी के संबंध में कोई शिकायत नहीं मिली है।
भाषा सं चंदन आनन्द अमित शफीक
शफीक