छत्रपति संभाजीनगर, 22 जून (भाषा) शिवसेना (उबाठा) के सचिव संजय लाखे पाटिल ने रविवार को कहा कि उन्होंने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है।
पाटिल, पिछले वर्ष महाराष्ट्र की जालना सीट से लोकसभा चुनाव लड़ने के इच्छुक थे।
लोकसभा चुनाव से करीब एक साल पहले पाटिल कांग्रेस से शिवसेना (उबाठा) में शामिल हुए थे।
पाटिल ने कहा कि उन्हें जालना से लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए टिकट देने का वादा किया गया था लेकिन उन्हें नजरअंदाज कर दिया गया।
उन्होंने कहा, “मुझे बताया गया था कि सांगली के बदले जालना सीट हमारे पास रहेगी। लेकिन संजय राउत ने अपने एजेंडे के लिए ऐसा नहीं होने दिया।”
कांग्रेस के कल्याण काले ने जालना लोकसभा सीट पर जीत हासिल की थी।
उन्होंने विधान परिषद में विपक्ष के नेता अंबादास दानवे पर उनके विचारों को ‘हाईजैक’ करने और श्रेय लेने का भी आरोप लगाया।
पाटिल ने यह भी दावा किया कि दानवे ने उन्हें पार्टी में दरकिनार कर दिया।
टिप्पणी के लिए दानवे से संपर्क नहीं किया जा सका।
भाषा जितेंद्र नेत्रपाल
नेत्रपाल