बेंगलुरू, 23 जून (भाषा) बेंगलुरू के बाहरी इलाके में नशे में धुत चार लोगों ने 25-वर्षीय एक महिला के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ की, जिसके बाद एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
उसने बताया कि यह घटना रविवार शाम करीब पांच बजे अनेकल तालुक में माइलसंद्रा रोड के पास येल्लम्मा लेआउट में घटी।
कथित घटना का वीडियो अब ऑनलाइन सामने आया है।
अपनी शिकायत में महिला ने आरोप लगाया कि वह कुछ जरूरी सामान खरीदने के लिए दुकान पर जा रही थी, तभी उसने देखा कि कुछ लोग आपस में लड़ रहे हैं। शिकायत के अनुसार, ‘‘अचानक वे लोग उसके साथ छेड़छाड़ और गाली-गलौज करने लगे। उसने आरोप लगाया कि उसके विरोध के बावजूद उन्होंने उसे गलत तरीके से छुआ।’’
महिला ने यह भी दावा किया कि जब उसने विरोध करने की कोशिश की तो आरोपियों ने उसके खिलाफ अभद्र और अश्लील भाषा का इस्तेमाल किया और उस पर हमला किया। महिला ने दावा किया कि उसने अपनी आत्मरक्षा में कथित तौर पर उनमें से एक को मारा।
पुलिस के अनुसार, महिला ने अपने जिम प्रशिक्षक को घटना के बारे में बताया, जिसके बाद वह मौके पर पहुंचा, उसे बचाया और कथित तौर पर उसके साथ दुर्व्यवहार करने वाले आरोपियों में से एक की पिटाई की।
पुलिस ने बताया कि एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसकी शिकायत के आधार पर महिला और जिम प्रशिक्षक के खिलाफ मारपीट का एक और मामला दर्ज किया गया है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘मामले में शेष आरोपियों को पकड़ने के लिए सभी प्रयास किए जा रहे हैं।’
उन्होंने कहा कि महिला की शिकायत के आधार पर हमने छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया है।
भाषा
शुभम सुरेश
सुरेश