गुवाहाटी, 25 जून (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बुधवार को कहा कि अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला की अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) की यात्रा भारत के लिए गौरव का क्षण है और उनके अनुभव देश के आगामी ‘गगनयान मिशन’ के लिए बहुत उपयोगी होंगे।
वहीं, राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने कहा कि ग्रुप कैप्टन शुक्ला की यात्रा ने भारतीय अंतरिक्ष इतिहास में एक नया गौरवशाली अध्याय जोड़ा है।
शर्मा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘भारत अंतरिक्ष में पहुंचा। ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला की अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन की यात्रा भारत के लिए गौरव का क्षण है। अंतरिक्ष के क्षेत्र में यह बड़ी कामयाबी है।’’
उन्होंने कहा कि भारतीय वायुसेना के पायलट की अंतरिक्ष यात्रा से मिले अनुभव देश के आगामी ‘गगनयान मिशन’ के लिए महत्वपूर्ण होंगे।
आचार्य ने एक पोस्ट में कहा, ‘‘’एक्सिओम मिशन 4′ के तहत ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला का अंतरिक्ष अभियान भारत की वैज्ञानिक क्षमताओं और 1.4 अरब भारतीयों के सपनों और उम्मीदों की नयी उड़ान है।’’
आचार्य ने कहा कि सीमाएं केवल मानचित्रों तक ही सीमित हैं, जबकि मानवता की उड़ान और उसकी संभावनाएं असीम हैं- भारत, अमेरिका, पोलैंड और हंगरी के अंतरिक्ष यात्रियों को शामिल करने वाला यह मिशन बिल्कुल यही संदेश देता है। उन्होंने कहा, ‘‘इस ऐतिहासिक अभियान के लिए पूरी टीम को हार्दिक बधाई।’’
भाषा आशीष अविनाश
अविनाश