30.9 C
Jaipur
Friday, June 27, 2025

यूक्रेन ने उत्तरी सुमी क्षेत्र में रूसी सैनिकों को आगे बढ़ने से रोक दिया है : यूक्रेनी कमांडर

Newsयूक्रेन ने उत्तरी सुमी क्षेत्र में रूसी सैनिकों को आगे बढ़ने से रोक दिया है : यूक्रेनी कमांडर

कीव, 26 जून (एपी) यूक्रेन के शीर्ष सैन्य कमांडर ने बृहस्पतिवार को कहा कि यूक्रेनी सेना ने उत्तरी सुमी क्षेत्र में रूसी सैनिकों को आगे बढ़ने से रोक दिया है।

यूक्रेन की सशस्त्र सेनाओं के कमांडर-इन-चीफ कर्नल जनरल ओलेक्सांद्र सिरस्की ने कहा कि सुमी में यूक्रेन की सफलताओं ने रूस को लगभग 50,000 रूसी सैनिकों, जिनमें विशिष्ट हवाई और समुद्री ब्रिगेड शामिल हैं, को अग्रिम पंक्ति के अन्य क्षेत्रों में तैनात करने से रोक दिया है।

उनके दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की जा सकी और रूसी अधिकारियों ने तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की।

रूसी सेना लगभग 1,000 किलोमीटर की अग्रिम पंक्ति में कुछ स्थानों पर धीरे-धीरे आगे बढ़ रही है, हालांकि उनकी यह बढ़त सैनिकों के हताहत होने के मामले में महंगी साबित हुई है। संख्या में कम यूक्रेनी सेना ने रूसियों को पीछे रखने के लिए ड्रोन का काफी इस्तेमाल किया है।

तीन साल से अधिक समय से चल रहे युद्ध को रोकने के लिए अमेरिका के नेतृत्व में कई महीनों से चल रहे अंतरराष्ट्रीय प्रयास विफल हो गए हैं।

शत्रुता के बीच, दोनों पक्षों ने इस्तांबुल में अपने प्रतिनिधिमंडलों के बीच हाल ही में हुई वार्ता के दौरान बनी सहमति के बाद युद्धबंदियों की अदला-बदली जारी रखी है।

रूस के रक्षा मंत्रालय और यूक्रेनी अधिकारियों ने कहा कि बृहस्पतिवार को युद्धबंदियों की एक और अदला-बदली हुई।

युद्धबंदियों के लिए यूक्रेन के समन्वय मुख्यालय ने कहा कि अदला-बदली में घायल सैनिक और स्वास्थ्य संबंधी शिकायतें वाले लोग शामिल हैं तथा जल्द ही और भी अदला-बदली की उम्मीद है।

यूक्रेनी अधिकारियों का कहना है कि पूर्वी दोनेत्स्क क्षेत्र में भी भीषण लड़ाई चल रही है।

रूसी रक्षा मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसकी सेना ने दोनेत्स्क में दो गांवों, नोवोसेरहीवका और शेवचेंको पर कब्जा कर लिया है।

रूसी मंत्रालय ने कहा कि रात भर में नौ क्षेत्रों में 50 यूक्रेनी ड्रोन मार गिराये गए, जिनमें से तीन मॉस्को क्षेत्र में थे।

वहीं, यूक्रेन की वायुसेना ने कहा कि रूस ने बीती रात देश भर में 41 शाहिद और अन्य ड्रोन तैनात किए। इसने कहा कि 24 ड्रोन को रोक दिया गया या जाम कर दिया गया।

एपी सुभाष माधव

माधव

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles