जम्मू, 27 जून (भाषा) राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) की एक विशेष अदालत ने पहलगाम आतंकी हमले के लिए पाकिस्तानी आतंकवादियों को पनाह देने के आरोप में गिरफ्तार किये गए दो आरोपियों को शुक्रवार को एनआईए की 10 दिन की हिरासत में भेज दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
स्थानीय अदालत ने इससे पहले सोमवार को दोनों आरोपियों को पांच दिन के लिए एनआईए की हिरासत में भेजा था और यह अवधि शुक्रवार को समाप्त हो गई।
अधिकारियों ने बताया कि एजेंसी ने दोनों को विशेष एनआईए अदालत में पेश किया, जिसने 10 दिन की अतिरिक्त हिरासत मंजूर कर ली।
एनआईए ने रविवार को पहलगाम के बटकोट निवासी परवेज अहमद जोथर और पहलगाम के हिल पार्क निवासी बशीर अहमद जोथर को गिरफ्तार किया था।
यह गिरफ्तारी 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले की जांच में पहली बड़ी सफलता थी। इस हमले में 26 लोग मारे गए थे, जिनमें अधिकतर पर्यटक थे। वहीं, 16 अन्य घायल भी हुए थे।
एनआईए के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों ने हमले में शामिल तीन सशस्त्र आतंकवादियों की पहचान का खुलासा किया और पुष्टि की कि वे प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) से जुड़े पाकिस्तानी नागरिक थे।
एजेंसी ने कहा कि इन दोनों ने आतंकवादियों को भोजन, आश्रय और रसद सहायता प्रदान की, जिन्होंने पहलगाम में पर्यटकों को उनकी धार्मिक पहचान के आधार पर निशाना बनाया था।
एनआईए ने कश्मीर के पर्यटन केंद्र में क्रूर हत्याओं में मदद पहुंचाने वाले आतंकी नेटवर्क की जांच जारी रखी है।
भाषा सुभाष दिलीप
दिलीप