27.6 C
Jaipur
Sunday, June 29, 2025

पंजाब पुलिस ने पूर्व मंत्री विजय सिंगला के खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला बंद करने की रिपोर्ट दाखिल की

Newsपंजाब पुलिस ने पूर्व मंत्री विजय सिंगला के खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला बंद करने की रिपोर्ट दाखिल की

चंडीगढ़, 28 जून (भाषा) पंजाब पुलिस ने पूर्व स्वास्थ्य मंत्री विजय सिंगला के खिलाफ भ्रष्टाचार के एक मामले को बंद करने की रिपोर्ट अदालत में दाखिल की है।

सिंगला को गिरफ्तार किए जाने और राज्य मंत्रिमंडल से बर्खास्त किए जाने के तीन साल बाद पुलिस द्वारा यह रिपोर्ट दाखिल की गई है।

विपक्षी दलों ने ‘क्लोजर रिपोर्ट’ को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर निशाना साधा और उस पर अपने ही एक विधायक को ‘क्लीन चिट’ देने का आरोप लगाया।

मई 2022 में पंजाब स्वास्थ्य प्रणाली निगम में तैनात अधीक्षण अभियंता राजिंदर सिंह द्वारा की गई शिकायत के आधार पर सिंगला और उनके विशेष कार्य अधिकारी (ओएसडी) प्रदीप कुमार पर पंजाब भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि निर्माण परियोजनाओं के आवंटन के लिए उनसे रिश्वत मांगी गई थी।

पुलिस ने हाल ही में मोहाली की एक अदालत में इस मामले में ‘क्लोजर रिपोर्ट’ दाखिल की है।

अदालत को दिए गए बयान में शिकायतकर्ता ने कहा कि वह जांच रिपोर्ट से सहमत हैं और कहा कि यदि ‘क्लोजर रिपोर्ट’ स्वीकार कर ली जाए तो उन्हें कोई आपत्ति नहीं है।

अदालत इस मामले पर 14 जुलाई को सुनवाई करेगी।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि 58 करोड़ रुपये की परियोजनाओं के आवंटन के लिए उनसे 1.16 करोड़ रुपये की रिश्वत मांगी गई थी।

मामला सामने आने पर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने खुद सिंगला को मंत्रिमंडल से हटाने की घोषणा की थी। उन्होंने कहा था कि सिंगला ने अपनी गलतियों को स्वीकार कर लिया है।

आम आदमी पार्टी के अध्यक्ष और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सिंगला को मंत्रिमंडल से हटाने के मान के फैसले की सराहना की थी।

राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने ‘क्लोजर रिपोर्ट पर प्रतिक्रिा देते हुए मान सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने शासन को ‘नाटकीय मंच’ तब्दील कर दिया है पुलिस ने भ्रष्टाचार के मामले में सिंगला को ‘क्लीन चिट’ दे दी है।

कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘2022 में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपने ही मंत्री विजय सिंगला को बर्खास्त करने का एक बड़ा तमाशा किया, जिसमें दावा किया गया कि वह कमीशन ले रहे थे।’’

बाजवा ने कहा, ‘‘उन्होंने एक नाटकीय वीडियो जारी किया, जिसमें घोषणा की गई, ‘कोई और नहीं जानता, मैं सख्त कार्रवाई कर रहा हूं’, जैसे कि वह सरकार का नेतृत्व नहीं कर रहे थे, बल्कि एक पटकथा पढ़ रहे थे। फिर यह पूरी कवायद क्या थी? सुर्खियां बटोरने के लिए सिर्फ एक लिखी पटकथा पर आधारित नाटक? क्या मुख्यमंत्री ने अपने ही पार्टी के सहयोगी का इस्तेमाल सिर्फ कतई बर्दाश्त नहीं करने का झूठा विमर्श प्रस्तुत करने के लिए किया?’’

शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने भी सिंगला के खिलाफ मामले में क्लोजर रिपोर्ट को लेकर मान पर निशाना साधा।

उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘मुख्यमंत्री भगवंत मान का यह दायित्व है कि वे पंजाबियों को बताएं कि उन सबूतों का क्या हुआ जिनके आधार पर उन्होंने विजय सिंगला को मंत्रिमंडल से बर्खास्त किया था और उनके खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला दर्ज करवाया था।’’

भाषा धीरज संतोष

संतोष

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles