फरीदाबाद, 28 जून (भाषा) हरियाणा के फरीदाबाद में चर्चित तन्नू कुमार हत्या मामले में पुलिस ने उसकी ननद काजल को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि तन्नू की हत्या करने के बाद शव को ससुराल के घर के सामने जमीन के नीचे दफना दिया गया था।
पुलिस के मुताबिक तन्नू कुमार (24) की गुमशुदगी की प्राथमिकी उसके ससुराल वालों ने करीब दो महीने पहले दर्ज कराई थी। हालांकि, वह उनके घर के सामने दफन पाई गई। पुलिस ने इस मामले में तन्नू के ससुर भूप सिंह और सास को पहले ही गिरफ्तार कर विधिक कार्यवाही के बाद जेल भेज दिया है।
पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान सिंह ने खुलासा किया कि उसने 15 अप्रैल को तन्नू की हत्या की पूर्व योजना बनाई थी। सिंह ने उसकी हत्या करने से पहले उसके साथ दुष्कर्म किया और बाद में शव को दफना दिया।
पुलिस के मुताबिक सिंह के बताया था कि योजना के अनुसार तन्नू की सास को उत्तर प्रदेश के एटा में अपनी भतीजी की शादी में शामिल होने के लिए भेजा गया था। सिंह के मुताबिक 21 अप्रैल की रात को अरुण ने कथित तौर पर अपनी पत्नी तन्नू और अपनी बहन काजल के खाने में नींद की गोलियां मिला दीं। इसके बाद दोनों बेहोश हो गए।
हालांकि, नए घटनाक्रम के अनुसार, पुलिस ने दावा किया कि काजल ने शव को दफनाने में अपने भाई अरुण और पिता की मदद की थी। पुलिस के मुताबिक जब पिता और भाई तन्नू के शव को दफनाने के लिए गड्ढा खोद रहे थे, तब वह निगरानी कर रही थी।
फरीदाबाद पुलिस के प्रवक्ता ने बताया, ‘‘काजल को शहर की अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।’’
उन्होंने बताया कि जांच के बाद तन्नू के शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रवक्ता के मुताबिक पुलिस फिलहाल उसके पति अरुण की तलाश कर रही है, जो फरार है।
भाषा धीरज संतोष
संतोष