कोलंबो, 29 जून (भाषा) श्रीलंकाई नौसेना ने रविवार को द्वीपीय देश के जलक्षेत्र में कथित तौर पर अवैध रूप से मछली पकड़ने के आरोप में आठ भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार कर लिया और उनकी नौका जब्त कर ली। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई है।
नौसेना ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि ये गिरफ्तारियां मन्नार के उत्तर में तलाशी अभियान के दौरान की गईं।
इसमें कहा गया है कि आठ मछुआरों को कानूनी कार्रवाई के लिए मन्नार स्थित मत्स्य निरीक्षणालय को सौंप दिया जायेगा।
इसमें कहा गया है, ‘‘उत्तर मध्य नौसेना कमान ने आज तड़के श्रीलंकाई जलक्षेत्र में अवैध रूप से मछली पकड़ने वाली नौकाओं के एक समूह को देखा। इसके बाद कमान ने मन्नार के उत्तर में द्वीप के जलक्षेत्र से मछली पकड़ने वाली भारतीय नौकाओं को खदेड़ने के लिए गश्ती दल को तैनात किया।’’
भारत और श्रीलंका दोनों देशों के मछुआरों को एक-दूसरे के जलक्षेत्र में अनजाने में प्रवेश करने के कारण अक्सर गिरफ्तार किया जाता है।
भाषा
देवेंद्र रंजन
रंजन