28.4 C
Jaipur
Monday, June 30, 2025

मणिपुर : भाजपा विधायकों ने राज्य में शांति और लोकप्रिय सरकार की बहाली पर चर्चा की

Newsमणिपुर : भाजपा विधायकों ने राज्य में शांति और लोकप्रिय सरकार की बहाली पर चर्चा की

इंफाल, 29 जून (भाषा) मणिपुर के पूर्व मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने रविवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायकों ने राज्य में शांति स्थापना और लोकप्रिय सरकार की बहाली के मुद्दे पर चर्चा की।

भाजपा के राज्य मुख्यालय में आयोजित बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए सिंह ने कहा, ‘‘हमने लोगों की हताशा और आंतरिक रूप से विस्थापित लोगों की कठिनाइयों पर चर्चा की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने विधायकों की यह बैठक बुलाई थी। उन्होंने हाल ही में दिल्ली में राष्ट्रीय नेताओं से भी मुलाकात की थी।’’

सिंह ने कहा कि चर्चा लोगों की इच्छा के मुताबिक लोकप्रिय सरकार बहाल करने और राज्य में शांति स्थापित करने के उपाय खोजने पर केंद्रित थी।

उन्होंने गृह मंत्रालय के साथ नागरिक समाज संगठनों द्वारा हाल ही में की गई बातचीत की पहल का भी स्वागत किया और इसे ‘अच्छी शुरुआत’ बताया।

सिंह ने कहा, ‘‘मैं एएमयूसीओ, सीओसीओएमआई और एफओसीएस सहित नागरिक समाज संगठनों की गृह मंत्रालय के साथ बातचीत की सराहना करता हूं। यह एक अच्छी शुरुआत है। मैंने सुना है कि कुकी भाई भी जा रहे हैं। हमने यह संकेत भी दिया है कि विधायक तैयार हैं। मुझे विश्वास है कि जल्द ही शांति बहाल हो जाएगी।’’

राज्य भाजपा प्रमुख ए शारदा देवी ने कहा, ‘‘हमने चाय पर एक बैठक आयोजित की। हमने अपने राष्ट्रीय नेताओं के साथ अपनी हालिया बैठक की रिपोर्ट पेश की। हमने पहले लोगों की लोकप्रिय सरकार की इच्छा से अवगत कराया था। हमने ग्वालटाबी घटना जैसे मुद्दों पर भी जानकारी दी जिसमें सरकारी बस से राज्य का नाम हटा दिया गया था। अब तक केंद्र की ओर से कोई नकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं आई है।’’

बैठक में विधानसभा अध्यक्ष सत्यव्रत सिंह सहित 22 से अधिक भाजपा विधायक शामिल हुए।

भाषा संतोष धीरज

धीरज

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles