28.4 C
Jaipur
Monday, June 30, 2025

भाजपा की ओडिशा इकाई के अध्यक्ष का चुनाव एक जुलाई को

Newsभाजपा की ओडिशा इकाई के अध्यक्ष का चुनाव एक जुलाई को

भुवनेश्वर, 29 जून (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को मतदाता सूची की घोषणा के साथ ही अपनी ओडिशा इकाई के प्रमुख के चुनाव की प्रक्रिया शुरू कर दी। पार्टी के एक पदाधिकारी ने यह जानकारी दी।

बालासोर के सांसद प्रताप चंद्र सारंगी को चुनाव के लिए राज्य निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्होंने कहा कि मतदान एक जुलाई को होगा और उसी दिन पार्टी की राज्य इकाई के अध्यक्ष की घोषणा की जाएगी।

उन्होंने कहा, ‘‘ विभिन्न पदों के लिए चुनाव भाजपा के डीएनए में है। बूथ से लेकर जिला स्तर तक की इकाइयों के चुनाव पूरे हो चुके हैं। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया रविवार को शुरू हो गई।’’

उन्होंने कहा कि संगठनात्मक चुनाव प्रक्रिया एक जुलाई तक पूरी हो जाएगी। सारंगी ने कहा कि मसौदा सूची पर आपत्तियां आमंत्रित करने के बाद चुनाव के लिए मतदाताओं की सूची को अंतिम रूप दे दिया गया है।

भाजपा के संविधान के अनुसार मतदाताओं में जिला अध्यक्ष, राज्य परिषद सदस्य शामिल हैं, जबकि ओडिशा के विधायकों और सांसदों में 10 प्रतिशत मतदाता हैं।

संगठनात्मक चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा करते हुए उन्होंने कहा कि इच्छुक नेता सोमवार सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे के बीच प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं।

सारंगी ने बताया कि उसी दिन दोपहर दो से तीन बजे के बीच जांच और शिकायतों की सुनवाई के बाद शाम चार बजे अंतिम नामांकन सूची प्रकाशित की जाएगी। इस पद के लिए मतदान एक जुलाई को सुबह 10 से 12 बजे के बीच होगा। उन्होंने बताया कि दोपहर 12:30 बजे तक नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे।

भाजपा नेता ने यह भी कहा कि पार्टी ओडिशा से राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के पद के लिए चुनाव कराएगी।

उन्होंने बताया कि बिहार से सांसद संजय जायसवाल को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है और वह सोमवार को यहां पहुंचेंगे।

भाषा शोभना नरेश

नरेश

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles