28 C
Jaipur
Monday, June 30, 2025

पूर्व विधायक रामलिंगम 30 जून को भाजपा की पुडुचेरी इकाई के अध्यक्ष निर्विरोध चुने जाएंगे

Newsपूर्व विधायक रामलिंगम 30 जून को भाजपा की पुडुचेरी इकाई के अध्यक्ष निर्विरोध चुने जाएंगे

पुडुचेरी, 29 जून (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पुडुचेरी इकाई को नया अध्यक्ष मिलने जा रहा है और पूर्व मनोनीत विधायक वी पी रामलिंगम के 30 जून को प्रदेश अध्यक्ष का कार्यभार संभालने की उम्मीद है। सूत्रों ने यह जानकारी दी।

रामलिंगम रविवार को इस पद के लिए नामांकन दाखिल करने वाले एकमात्र उम्मीदवार थे। कोई अन्य दावेदार नहीं होने के कारण उनका प्रदेश भाजपा अध्यक्ष निर्विरोध चुना जाना तय है।

ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस (एआईएनआरसी) के नेतृत्व वाली सरकार में भाजपा गठबंधन सहयोगी है।

रामलिंगम (63) ने वर्ष 2021 में भाजपा में शामिल होने से पहले कांग्रेस के साथ अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की थी।

रामलिंगम पुडुचेरी विधानसभा के लिए मनोनीत किये गए तीन भाजपा सदस्यों में से एक थे, उनके साथ के वेंकटेशन और आर बी अशोक बाबू भी शामिल थे।

तीनों ने भाजपा आलाकमान के निर्देश पर 27 जून को विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। रियल एस्टेट कारोबारी रामलिंगम के बड़े भाई वी पी शिवकोलुंधु वरिष्ठ कांग्रेस नेता हैं और पूर्ववर्ती वी नारायणसामी के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार में विधानसभा अध्यक्ष रह चुके हैं।

रामलिंगम भाजपा की पुडुचेरी इकाई के अध्यक्ष के तौर पर एस सेल्वागणपति का स्थान लेंगे।

द्रविड़ कल्याण मंत्री ए के साई जे सरवनन कुमार के 27 जून को मंत्रिमंडल से इस्तीफा देने के बाद पुडुचेरी में राजनीतिक घटनाक्रम तेजी से बदल रहा है।

पार्टी सूत्रों ने बताया कि उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया है और भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के साथ विचार-विमर्श के बाद उनके स्थान पर एक नये व्यक्ति के नाम पर फैसला किया जाएगा।

भाषा संतोष सुभाष

सुभाष

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles