28 C
Jaipur
Monday, June 30, 2025

आपातकाल भारतीय लोकतंत्र का सबसे काला अध्याय है: केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत

Newsआपातकाल भारतीय लोकतंत्र का सबसे काला अध्याय है: केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत

(फाइल फोटो के साथ)

जयपुर, 29 जून (भाषा) केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने 1975 में लगाये गये आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र का ‘सबसे काला अध्याय’ बताते हुए रविवार को आरोप लगाया कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने सत्ता पर चिपके रहने के लिए इस दौरान संविधान का गला घोंट दिया था।

आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ के अवसर पर राजस्थान के झुंझुनू में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिला कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शेखावत ने कहा कि इस दौरान लोकतंत्र, न्यायपालिका, मीडिया और नागरिक स्वतंत्रता को कुचल दिया गया था।

उन्होंने कहा, ‘‘ नेताओं को जेल में डाल दिया गया, न्यायपालिका पर दबाव डाला गया और प्रेस की स्वतंत्रता पर अंकुश लगा दिया गया।’’

भारतीय जनता पार्टी के नेता शेखावत ने दावा किया कि आपातकाल के बीज तब बोए गए जब 1971 के युद्ध में पाकिस्तान पर भारत की जीत के बाद अहंकार ने कांग्रेस पार्टी को जकड़ लिया था।

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर निशाना साधते हुए शेखावत ने कहा कि मौजूदा राजनीतिक परिदृश्य में वह ‘अप्रासंगिक’ हैं ।

उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने मुख्यमंत्री के रूप में इन दिग्गज नेता के तीन कार्यकालों के बावजूद उन्हें दरकिनार कर दिया है।

उन्होंने कहा, ‘‘गहलोत अब राजनीतिक रूप से प्रासंगिक बने रहने के लिए निराधार और भ्रामक बयान दे रहे हैं।’’

शेखावत ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अब भी ‘होटल राजनीति’ की मानसिकता के साथ काम कर रहे हैं।

उनका इशारा रेगिस्तानी राज्य में पिछले कांग्रेस शासन के दौरान एक राजनीतिक संकट की ओर था, जब सत्तारूढ़ पार्टी के विधायकों को एक होटल में ठहराया गया था।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर गहलोत के लगातार हमले पर प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘‘हमें स्वयंसेवक होने पर गर्व है। हमारी विचारधारा राष्ट्रीय हित में निहित है।’’

भाषा राजकुमार नरेश

नरेश

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles