28 C
Jaipur
Monday, June 30, 2025

भाजपा की ओडिशा इकाई के अध्यक्ष पद के लिए चुनाव प्रक्रिया की घोषणा के बाद लगी रोक

Newsभाजपा की ओडिशा इकाई के अध्यक्ष पद के लिए चुनाव प्रक्रिया की घोषणा के बाद लगी रोक

भुवनेश्वर, 29 जून (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओडिशा इकाई के अध्यक्ष पद के लिए चुनाव प्रक्रिया शुरू करने के कुछ घंटों बाद ही पार्टी ने रविवार को इस पर रोक लगा दी। पार्टी के एक नेता ने यह जानकारी देते हुए कहा कि पुरी में रथयात्रा उत्सव के दौरान भगदड़ मचने की घटना के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया।

रविवार सुबह श्री गुंडिचा मंदिर के पास मची भगदड़ में दो महिलाओं सहित तीन लोगों की मौत हो गई और 50 से अधिक अन्य घायल हो गए।

बालासोर के सांसद प्रताप चंद्र सारंगी को चुनाव के लिए राज्य निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्होंने कहा कि ओडिशा के पार्टी अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के चुनाव को ‘रोक दिया गया है’।

सारंगी ने कहा कि पुरी में एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटी, जिसमें तीन श्रद्धालुओं की जान चली गई तथा कई अन्य का इलाज जारी है।

उन्होंने कहा, ‘‘मृतकों का अंतिम संस्कार नहीं किया गया है। ऐसी दुखद घटना ने हम सभी को विचलित कर दिया है। हम मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ ओडिशा से प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के चुनाव जो एक जुलाई को होने वाले थे उन्हें भगदड़ के मद्देनजर स्थगित कर दिया गया है।’’

सारंगी ने कहा कि चुनाव के बारे में जानकारी बाद में साझा की जाएगी।

इससे पहले उन्होंने दिन में कहा था कि मतदान एक जुलाई को होगा और उसी दिन पार्टी की राज्य इकाई के अध्यक्ष की घोषणा की जाएगी।

उन्होंने बताया कि बिहार से सांसद संजय जायसवाल को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।

भाषा शोभना संतोष

संतोष

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles