बरहामपुर (ओडिशा), एक जून (भाषा) ओडिशा के गंजाम जिले में 57 वर्षीय एक महिला को अपने मकान मालिक को कथित तौर पर आग के हवाले करने को लेकर गिरफ्तार किया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यहां बैद्यनाथपुर थाना क्षेत्र के सुभाष नगर में बृहस्पतिवार को महिला ने अपने मकान मालिक को कथित तौर पर आग के हवाले कर उसकी जान ले ली। महिला ने मृतक की संपत्ति हड़पने के लिए ऐसा किया।
उसने बताया कि मकान मालिक एक सेवानिवृत्त राजस्व निरीक्षक था।
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान हरिहर साहू (72) और आरोपी की पहचान सुदेशना जेना के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि बृहस्पतिवार की सुबह आरोपी महिला मृतक के कमरे में घुस गयी और सोते समय उस पर केरोसिन तेल डालकर आग लगा दी।
साहू को पहले एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल और फिर कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मृत्यु हो गई।
बरहामपुर के पुलिस अधीक्षक सरवण विवेक एम ने बताया कि महिला ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया।
मृतक की बेटी मधुस्मिता साहू ने बृहस्पतिवार को बैद्यनाथपुर थाने में एक प्राथमिकी दर्ज करायी। उन्होंने बताया कि उनकी संपत्ति हड़पने के लिए आरोपी ने इस घटना को अंजाम दिया।
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपी और मृतक के बीच पिछले पांच सालों से प्रेम संबंध थे।
भाषा
शुभम सुभाष
सुभाष