आइजोल, चार जून (भाषा) कांग्रेस ने बुधवार को केंद्र से मिजोरम में भारी बारिश के कारण आई बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित लोगों को राहत प्रदान करने की मांग की।
पार्टी की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि कांग्रेस की मिजोरम इकाई ने सूचित किया है कि राज्य के लोग भूस्खलन, बाढ़ और अन्य आपदाओं के कारण पीड़ित हैं।
इसमें कहा गया, ‘‘आपदा के इस समय में हम मांग करते हैं कि भारत सरकार मिजोरम के लोगों को तत्काल सहायता और राहत प्रदान करे।’’
अधिकारियों ने बताया कि मिजोरम में पिछले कुछ दिन से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण भूस्खलन, बाढ़, मकान ढहने और अन्य आपदाओं की घटनाओं में अब तक पांच लोगों की मौत हुई है जिनमें म्यांमा के तीन शरणार्थी भी शामिल हैं।
राज्य के आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विभाग द्वारा जारी नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, 24 मई से अब तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में भूस्खलन की 675 घटनाएं हुई हैं तथा 269 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं।
भाषा नेत्रपाल रंजन
रंजन