27.1 C
Jaipur
Wednesday, August 20, 2025

सीडीएस और सेना प्रमुख ने सिक्किम में भूस्खलन में दो सैन्यकर्मियों की मौत पर शोक व्यक्त किया

Newsसीडीएस और सेना प्रमुख ने सिक्किम में भूस्खलन में दो सैन्यकर्मियों की मौत पर शोक व्यक्त किया

नयी दिल्ली, चार जुलाई (भाषा) प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान और सेना प्रमुख जनरल उपेन्द्र द्विवेदी ने बुधवार को सिक्किम में भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन में दो सैन्यकर्मियों की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया।

मंगन जिले में लाचेन कस्बे के पास रविवार को एक सैन्य शिविर भूस्खलन की चपेट में आ गया था।

भारतीय सेना ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि वह दुख की इस घड़ी में शोक संतप्त परिवारों के साथ ‘पूरी तरह खड़ी है।’

उसने कहा, ‘‘भारतीय सेना के प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी और सभी कर्मी उत्तरी सिक्किम के चाटेन में भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन में हवलदार लखविंदर सिंह और लांस नायक मुनीश ठाकुर के दुखद निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हैं। भारतीय सेना इस दुख की घड़ी में शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ी है।’’

मुख्यालय एकीकृत रक्षा स्टाफ ने भी दोनों कर्मियों के निधन पर शोक व्यक्त किया।

उसने अपने पोस्ट में कहा, ‘‘प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल अनिल चौहान और भारतीय सशस्त्र बलों के सभी कर्मी उत्तरी सिक्किम के चाटन में भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन में हवलदार लखविंदर सिंह और लांस नायक मुनीश ठाकुर के दुखद निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति हमारी गहरी संवेदना है। हम इस दुख की घड़ी में आपके साथ मजबूती से खड़े हैं।’’

अधिकारियों ने पहले बताया था कि भूस्खलन की चपेट में आए सेना शिविर में लापता हुए छह सैनिकों के बचाव और तलाशी अभियान के लिए मंगलवार को राष्ट्रीय आपदा मोचन बल के 23 कर्मियों की एक टीम को गंगटोक से उत्तरी सिक्किम के चाटेन भेजा गया।

अधिकारियों ने बताया कि तीसरी डोगरा रेजिमेंट के लांस नायक ठाकुर का बुधवार दोपहर हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के नाहन से करीब 17 किलोमीटर दूर उनके पैतृक गांव बड़ाबन के पास पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।

भाषा राजकुमार सुरेश

सुरेश

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles