28.9 C
Jaipur
Monday, August 11, 2025

कश्मीर: दुनिया के सबसे ऊंचे रेल पुल परियोजना की कहानी प्रदर्शित करेगा कौड़ी संग्रहालय

Newsकश्मीर: दुनिया के सबसे ऊंचे रेल पुल परियोजना की कहानी प्रदर्शित करेगा कौड़ी संग्रहालय

कौड़ी (रियासी), पांच जून (भाषा) कश्मीर को देश के अन्य हिस्सों से जोड़ने वाली महत्वाकांक्षी उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल संपर्क (यूएसबीआरएल) परियोजना के निर्माण में मेहनत और इंजीनियरिंग कौशल की कहानियां यहां एक रेलवे संग्रहालय का मुख्य आकर्षण होंगी, जिसका उद्घाटन शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी करेंगे।

यह संग्रहालय रियासी जिले में चिनाब नदी पर बने विश्व के सबसे ऊंचे रेल पुल का हिस्सा है, जिसे एक पर्यटक स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है।

अधिकारियों ने बताया कि इस प्रतिष्ठित परियोजना के निर्माण में मानवीय साहस और इंजीनियरिंग कौशल की असाधारण गाथा आगंतुकों के लिए एक सुखद अनुभव होगी।

उन्होंने बताया कि इसका आंतरिक भाग करसारी कला से प्रेरित है, जिसमें पारंपरिक देवदार की लकड़ी के साथ आधुनिक डिजाइन को शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि लकड़ी को ज्यामितीय आकृतियों में तैयार किया गया है।

यहां एक वरिष्ठ अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘चेनाब पुल ‘व्यूइंग पॉइंट’ के नजदीक यूएसबीआरएल को समर्पित एक संग्रहालय बनाया गया है। पुल और अन्य परियोजनाओं के साथ प्रधानमंत्री द्वारा इसका भी उद्घाटन किया जाएगा।’’

अधिकारियों ने बताया कि तीन मंजिला संग्रहालय रियासी जिले में दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे पुल के एक छोर पर है।

उन्होंने बताया कि संग्रहालय में इंजीनियरिंग चुनौतियों जैसे सुरंग टी-33, अंजी खंड में केबल-स्टेड पुलों का निर्माण, चिनाब पुल के निर्माण की चुनौतियां तथा सुरंग से संबंधित विभिन्न प्रौद्योगिकियां, चमत्कार और प्रणालियां आदि को प्रदर्शित करने वाले मॉडल प्रदर्शित किए जाएंगे।

अधिकारियों ने बताया कि संग्रहालय में प्रथम तल पर यूएसबीआरएल परियोजना की इंजीनियरिंग उपलब्धियों और तकनीकी चरणों से संबंधित प्रदर्शनियां होंगी, जबकि दूसरी और तीसरी मंजिल पर एक रेस्तरां तथा छत से विहंगम दृश्यों का नजारा लिया जा सकता है।

चेनाब रेल पुल के दो छोर कौड़ी और बक्कल हैं। यह पुल चेनाब नदी के तट पर इन दो गांवों के बीच स्थित है।

नदी तल से 359 मीटर ऊंचा चेनाब रेल पुल दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे पुल है। एक अधिकारी ने बताया, ‘‘यह पेरिस के एफिल टॉवर से 35 मीटर अधिक ऊंचा है और 1,315 मीटर लंबा यह पुल रेल लाइन का अहम हिस्सा है, जो भारतीय इंजीनियरिंग में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।

मोदी शुक्रवार को चेनाब रेल पुल का उद्घाटन करेंगे और कश्मीर के लिए वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे, जो भारत के रेलवे इतिहास में एक प्रमुख मील का पत्थर होगा।

भाषा यासिर माधव

माधव

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles