26.7 C
Jaipur
Friday, July 11, 2025

कांग्रेस प्रदेश अध्‍यक्ष के कथित दो करीबी डकैती और छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार

Newsकांग्रेस प्रदेश अध्‍यक्ष के कथित दो करीबी डकैती और छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार

वाराणसी (उप्र), छह जून (भाषा) वाराणसी में पुलिस ने उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के कथित करीबी दो स्थानीय पार्टी कार्यकर्ताओं को डकैती, चोरी और छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार ये गिरफ्तारियां चेतगंज इलाके में एक महिला द्वारा उत्पीड़न और उसकी दुकान से जबरन बेदखल करने की शिकायत के बाद बृहस्पतिवार को की गईं।

चेतगंज थाने के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) दिलीप कुमार मिश्रा ने बताया कि चेतगंज निवासी शिकायतकर्ता सचिना खातून ने हथुआ मार्केट में संजय सिंह नामक व्यक्ति से एक दुकान किराये पर ली थी, जहां वह बुटीक चलाती थी।

एसएचओ ने बताया, ‘खातून ने आरोप लगाया कि कोविड-19 महामारी के दौरान संजय सिंह की मौत के बाद, उनके दोस्त आनंद पांडे और अमित पाठक ने उन्हें धमकाना शुरू कर दिया और जबरन पैसे वसूलने लगे। जब उन्होंने इनकार किया, तो उन्होंने कथित तौर पर दुकान खाली करने के लिए दबाव डाला और उन्हें कई तरह से परेशान किया।’

पुलिस के अनुसार खातून ने दावा किया कि उन्होंने अदालत से दुकान पर स्थगन आदेश प्राप्त किया है लेकिन इसके बावजूद पिछले साल मई में दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर अपने प्रभाव का इस्तेमाल करके दुकान का ताला तोड़कर सारा सामान लूट लिया।

पुलिस ने खातून की शिकायत के आधार पर बताया कि जब उसने और उसकी बेटियों ने इसका विरोध किया तो कथित तौर पर उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया।

एसएचओ ने बताया, ‘आनंद पांडे और अमित पाठक दोनों कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के करीबी बताए जाते हैं। उनके खिलाफ लूट, चोरी और छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया गया है। बृहस्पतिवार को दोनों को गिरफ्तार करके अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।’

इस बीच, कांग्रेस महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि गिरफ्तारियां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार की पूर्व नियोजित साजिश है, जिसका उद्देश्य उनके प्रदेश अध्यक्ष और वाराणसी कांग्रेस को बदनाम करना है।

चौबे ने कहा कि गिरफ्तार किए गए दोनों व्यक्ति कांग्रेस पार्टी के ‘सशक्त कार्यकर्ता’ हैं। उन्होंने दावा किया कि शिकायतकर्ता खातून का वाराणसी में ‘लगभग आधा दर्जन व्यक्तियों’ के खिलाफ इसी तरह के मामले दर्ज कराने का इतिहास रहा है। चौबे ने आरोप लगाया, ‘यह उनका पेशा है।’ उन्होंने कहा कि महिला जहां भी संपत्ति किराये पर लेती है, वहां आर्थिक लाभ के लिए इस तरह के मामले दर्ज कराती रहती है।

भाषा सं आनन्द अमित

अमित

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles