26.7 C
Jaipur
Friday, July 11, 2025

उप मुख्यमंत्री के काफिले में शामिल वाहन की टक्कर से दो बाइक सवार युवक घायल, एक की हालत गंभीर

Newsउप मुख्यमंत्री के काफिले में शामिल वाहन की टक्कर से दो बाइक सवार युवक घायल, एक की हालत गंभीर

बरेली (उप्र) छह जून (भाषा) बरेली जिला मुख्यालय के सुभाष नगर थाना क्षेत्र में बदायूं रोड पर शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के काफिले में शामिल एक वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है और उसे गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती किया गया है, जबकि दूसरा युवक मामूली रूप से जख्मी है।

थाना सुभाष नगर के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि इटौआ सुखदेव पुर निवासी सुशील उर्फ वेदपाल (30) और यशपाल (28) सड़क दुर्घटना में घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि दोनों का समुचित इलाज हो रहा है, पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना करगैना चौकी के सामने हुई, जब यातायात को अस्थायी रूप से रोक दिया गया था ताकि उप मुख्यमंत्री का काफिला गुजर सके। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसी दौरान बाइक सवार दो युवक काफिले के बीच से निकलने की कोशिश कर रहे थे, तभी कथित तौर पर सबसे पीछे चल रहे एक अधिकारी के वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।

पुलिस के अनुसार दोनों घायल युवक सुभाषनगर के इटौआ सुखदेवपुर के निवासी हैं और यह दुर्घटना उस समय हुई जब वे दोनों अपने काम पर से दोपहर का खाना खाने जा रहे थे।

पुलिस के अनुसार हादसे में सुशील को सिर, चेहरा, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं और उसे तुरंत मिशन अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस के अनुसार यशपाल को हल्की चोटें आई हैं और उसे रामगंगा अस्पताल में प्राथमिक उपचार के लिए ले जाया गया।

पाठक शुक्रवार को बरेली दौरे पर थे। उन्होंने जिला अस्पताल का निरीक्षण किया और उसके बाद विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा के आवास/कार्यालय की ओर रवाना हुए थे, तभी यह हादसा हुआ।

एसएचओ ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

भाषा सं आनन्द अमित

अमित

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles