29.2 C
Jaipur
Saturday, July 26, 2025

उत्तरी सिक्किम में भूस्खलन प्रभावित छातेन से 76 सैन्यकर्मियों को हवाई मार्ग से निकाला गया

Newsउत्तरी सिक्किम में भूस्खलन प्रभावित छातेन से 76 सैन्यकर्मियों को हवाई मार्ग से निकाला गया

गंगटोक, सात जून (भाषा) उत्तरी सिक्किम में छातेन से कम से कम 76 सैन्यकर्मियों को शनिवार को हवाई मार्ग से निकाला गया जहां भारी बारिश की वजह से भूस्खलन के कारण सड़क संपर्क टूट गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि इसके साथ ही ‘‘समन्वित निकासी प्रयास’’ पूरा हो गया है। इस प्रयास के तहत वहां फंसे सभी पर्यटकों को भी बचाया जा चुका है।

एक अधिकारी ने बताया, ‘‘कुल 76 सैन्यकर्मियों को तीन एमआई-17 हेलीकॉप्टर द्वारा हवाई मार्ग से निकाला गया। छातेन से हवाई निकासी अभियान आज समाप्त हो गया, हेलीकॉप्टर ने सेना के जवानों को छातेन से पाकयोंग ग्रीनफील्ड हवाई अड्डे तक पहुंचाया।’’

एक अन्य अधिकारी ने बताया कि राज्य सरकार पूरी स्थिति पर बारीकी से नजर रख रही है और आपदा प्रभावित क्षेत्र में सभी आवश्यक सहायता प्रदान करने तथा प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित लोगों को सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।

हाल में भारी बारिश के कारण उत्तरी सिक्किम में कई जगह भूस्खलन हुआ जिससे क्षेत्र में सड़क संपर्क बाधित हो गया। इस आपदा के कारण लाचेन, लाचुंग और चुंगथांग कस्बों में 1,600 से अधिक पर्यटक कई दिनों तक फंसे रहे जिन्हें बाद में सरकार ने सुरक्षित निकाल लिया।

अधिकारियों ने बताया कि भारतीय सेना, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ), सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) और मंगन जिला प्रशासन ने कई दिनों तक बचाव और तलाशी अभियान चलाया और सभी फंसे पर्यटकों एवं स्थानीय लोगों को निकाला।

उन्होंने बताया कि 140 से अधिक पर्यटकों को हवाई मार्ग से निकालने के लिए कई हेलीकॉप्टर की मदद ली गई।

छातेन में एक जून को हुए भूस्खलन के कारण तीन सैनिकों की मौत हो गई है जबकि चार अन्य घायल हुए हैं और छह अन्य लापता हैं। लापता लोगों का पता लगाने के प्रयास जारी हैं।

भाषा खारी मनीषा

मनीषा

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles