29.7 C
Jaipur
Monday, August 11, 2025

भारत माता तस्वीर विवाद: भाकपा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया, पौधा रोपण किया

Newsभारत माता तस्वीर विवाद: भाकपा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया, पौधा रोपण किया

त्रिशूर,सात जून (भाषा) केरल में सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) में दूसरी सबसे बड़ी सहयोगी भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) ने शनिवार को राजभवन में पर्यावरण दिवस समारोह में भारत माता की तस्वीर इस्तेमाल करने के विरोध में शनिवार को राष्ट्रीय ध्वज फहराया और पौधारोपण किया।

राज्य के कृषि मंत्री और भाकपा नेता पी. प्रसाद ने भारत माता की तस्वीर का इस्तेमाल करने की वजह से पांच जून को राजभवन में आयोजित कार्यक्रम का बहिष्कार किया था और कहा था कि यह चित्र राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ द्वारा इस्तेमाल किया जाता है।

वाम दल ने घोषणा की थी कि वह शनिवार को अपनी सभी शाखाओं पर भारत माता के प्रतीक के तौर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराएगा और राजभवन की कार्रवाई के विरोध में पौधारोपण करेगा।

भाकपा के राज्य सचिव बिनॉय विश्वम ने शनिवार सुबह त्रिशूर स्थित पार्टी जिला कार्यालय में ध्वजारोहण किया और पौधारोपण किया। राज्य के राजस्व मंत्री पी. राजन और वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री वी.एस. सुनील कुमार भी इस दौरान मौजूद थे।

विश्वम ने कार्यक्रम के बाद सवाल किया कि राज्यपाल विश्वनाथ राजेंद्र आर्लेकर के लिए देश का संविधान महत्वपूर्ण है या संघ की नीतियां। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराते हुए कहा, ‘‘यह झंडा भारत माता है। इसके अलावा कोई भारत माता नहीं है।’’

विश्वम ने राज्यपाल की आलोचना करते हुए कहा कि भारत माता की कोई अन्य अवधारणा थोपने का कोई भी प्रयास ‘‘असंवैधानिक और राष्ट्र-विरोधी’’ है।

इस मौके पर मौजूद भाकपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने ‘भारत माता की जय’ के नारे भी लगाए।

इस बीच, सत्तारूढ़ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के राज्य सचिव एम.वी. गोविंदन ने संवाददाताओं के इस सवाल को खारिज कर दिया कि क्या सत्तारूढ़ पार्टी अपने सहयोगी दल भाकपा की तरह इस मामले में राज्यपाल की आलोचना करने की इच्छुक नहीं है।

उन्होंने कहा, ‘‘राजभवन का इस्तेमाल सांप्रदायिक विचारधाराओं के प्रचार के लिए नहीं किया जाना चाहिए। राजभवन जैसे सार्वजनिक स्थान पर सांप्रदायिक विचारधाराओं का प्रचार करने वाले किसी भी प्रतीक को प्रदर्शित नहीं किया जाना चाहिए। यह हमारा रुख है।’’

गोविंदन ने कहा कि वह स्वयं कृषि मंत्री प्रसाद द्वारा राजभवन के कार्यक्रम का बहिष्कार करने के कदम की सराहना करते हैं।

केरल की वामपंथी सरकार ने शुक्रवार को स्पष्ट किया कि वह यहां राजभवन में पर्यावरण दिवस समारोह में भारत माता की तस्वीर के इस्तेमाल से सहमत नहीं है, क्योंकि यह तस्वीर संविधान या भारत सरकार द्वारा आधिकारिक संस्करण के रूप में अधिकृत नहीं है।

भाषा

धीरज प्रशांत

प्रशांत

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles