26.8 C
Jaipur
Monday, August 11, 2025

जितेंद्र सिंह संयुक्त राष्ट्र महासागर सम्मेलन में भाग लेने के लिए फ्रांस रवाना

Newsजितेंद्र सिंह संयुक्त राष्ट्र महासागर सम्मेलन में भाग लेने के लिए फ्रांस रवाना

नयी दिल्ली, सात जून (भाषा)पृथ्वी विज्ञान मंत्री जितेन्द्र सिंह विश्व के महासागरों की प्राकृतिक स्थिति बनाए रखने के लिए सतत महासागर प्रशासन और ठोस कार्रवाई पर चर्चा करने के उद्देश्य से आयोजित एक अंतरराष्ट्रीय बैठक में हिस्सा लेने के लिए शनिवार को फ्रांस रवाना हुए। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।

बयान के मुताबिक तीसरा संयुक्त राष्ट्र महासागर सम्मेलन (यूएनओसी3) आठ से 13 जून तक फ्रांसीसी शहर नीस में आयोजित किया जा रहा है।

इसमें कहा गया है कि अगले चार दिनों में सिंह प्रमुख साझेदार देशों के मंत्रियों के साथ द्विपक्षीय बैठकों में हिस्सा लेंगे, यूएनओसी के पूर्ण अधिवेशन में भारत का राष्ट्रीय वक्तव्य देंगे तथा महासागरीय कार्रवाई पर महत्वपूर्ण नीतिगत वार्ता में शामिल होंगे।

बयान के मुताबिक सिंह औपचारिक सत्रों में हिस्सा लेने के साथ-साथ फ्रांस, जर्मनी, वियतनाम, इंडोनेशिया और चिली के प्रतिनिधियों के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे।

बयान में कहा गया कि इन बैठकों से समुद्री प्रदूषण से लेकर महासागर विज्ञान और नीली अर्थव्यवस्था पहलों के वित्तपोषण तक के मुद्दों पर प्रमुख वैश्विक हितधारकों के साथ भारत के सहयोग को मजबूत करने की उम्मीद है।

सिंह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में बताया, ‘‘आज आधिकारिक भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करने के लिए फ्रांस के लिए रवाना हुआ। आठ से 13 जून तक फ्रांस के खूबसूरत तटीय शहर नीस में आयोजित होने वाले ‘संयुक्त राष्ट्र महासागर सम्मेलन’(यूएनओसी3)में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए उत्सुक हूं।’’

इस सम्मेलन की मेजबानी फ्रांस और कोस्टा रिका संयुक्त रूप से कर रहे हैं।

भाषा

धीरज माधव

माधव

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles