33.2 C
Jaipur
Monday, July 21, 2025

पालघर शिवसेना नेता हत्या मामला, मुख्य आरोपी सिलवासा से गिरफ्तार

Newsपालघर शिवसेना नेता हत्या मामला, मुख्य आरोपी सिलवासा से गिरफ्तार

पालघर, आठ जून (भाषा) शिवसेना नेता अशोक धोडी के अपहरण और हत्या मामले के मुख्य आरोपी को पुलिस ने केंद्र शासित प्रदेश दादरा और नगर हवेली के सिलवासा से रविवार को गिरफ्तार कर लिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पालघर के पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख ने बताया कि जानकारी के आधार पर पांच महीने से फरार मृतक के भाई अविनाश रमन धोडी (60) को आज तड़के मोरखल से गिरफ्तार कर लिया गया।

उन्होंने बताया कि पुलिस जनवरी में हुए अपराध के सिलसिले में पांच आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

शिवसेना नेता अशोक धोडी (52) 19 जनवरी को लापता हो गए थे और कुछ दिनों बाद उनका शव मिला था।

देशमुख ने कहा कि अविनाश धोडी अपने भाई अशोक धोड़ी से नाराज़ था क्योंकि अशोक ने वेवजी ग्राम पंचायत में एक आवेदन देकर उसके घर का पट्टा रद्द करवा दिया था। इसके बाद अविनाश को घर खाली करना पड़ा था।

उन्होंने कहा, ’19 जनवरी को जब अशोक धोडी दहानू से अपने घर जा रहे थे, तो आरोपी और उसके साथियों ने वेवजी घाट पर उसकी कार रोकी और उसका अपहरण कर लिया।’

अधिकारी ने बताया कि आरोपियों ने बाद में अशोक धोडी की हत्या कर दी और उनके शव और कार को गुजरात के सरीगाम वाडिया पाड़ा में पानी से भरी खदान में धकेल दिया।

अधिकारी ने बताया कि घोलवड़ पुलिस थाने में 27 जनवरी को भारतीय न्याय संहिता की धारा 140 (3), 140 (1) (हत्या या फिरौती के लिए अपहरण), 351 (2) (आपराधिक धमकी), 103 (1) (हत्या) और 238 (ए) (अपहरण) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।

उन्होंने बताया कि एक विशेष टीम गठित की गई और घोलवड़, उमरगांव, वापी (गुजरात), दीव दमन, सिलवासा, इंदौर और राजस्थान में तलाशी ली गई।

भाषा योगेश रंजन

रंजन

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles