27.3 C
Jaipur
Tuesday, July 1, 2025

हिमाचल प्रदेश में राजीव बिंदल तीसरी बार भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष चुने गए

Newsहिमाचल प्रदेश में राजीव बिंदल तीसरी बार भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष चुने गए

शिमला, एक जुलाई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की हिमाचल प्रदेश इकाई के प्रमुख राजीव बिंदल मंगलवार को तीसरी बार इस पद (प्रदेश अध्यक्ष) पर निर्विरोध निर्वाचित हुए।

वह सोमवार को इस पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने वाले पार्टी के एकमात्र नेता थे। उनका निर्विरोध चुना जाना लगभग तय था।

केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने मंगलवार को बिंदल को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया।

राज्य विधानसभा में 2002 से 2022 तक बिंदल पांच बार विधायक रह चुके हैं। उन्होंने सोलन से तीन और नाहन से दो बार विधानसभा चुनाव जीते हैं।

बिंदल ने 2007 से 2012 तक प्रेम कुमार धूमल के नेतृत्व वाली सरकार में स्वास्थ्य मंत्री के रूप में भी कार्य किया।

उन्हें 10 जनवरी 2018 को सर्वसम्मति से 13वीं विधानसभा का अध्यक्ष चुना गया था और वह जनवरी 2020 तक इस पद पर रहे।

हिमाचल में सोमवार को राष्ट्रीय परिषद के आठ सदस्यों के लिए भी नामांकन पत्र दाखिल किये गये।

पूर्व मंत्री गोविंद ठाकुर और पार्टी महासचिव बिहारी लाल शर्मा, त्रिलोक कपूर, पवन काजल, रश्मि धर सूद, पायल वैद्य, राजीव सैजल और संजीव कटवाल को राष्ट्रीय परिषद सदस्य के रूप में चुना गया।

हिमाचल प्रदेश राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता जय राम ठाकुर, पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, लोकसभा सदस्य सुरेश कश्यप, कंगना रनौत और राजीव भारद्वाज तथा राज्यसभा सदस्य इंदु गोस्वामी, सिकंदर कुमार और हर्ष महाजन को राष्ट्रीय परिषद का पदेन सदस्य चुना गया।

भाषा यासिर दिलीप

दिलीप

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles