(तस्वीर के साथ)
चेन्नई, एक जुलाई (भाषा) द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (द्रमुक) अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने मंगलवार को दावा किया कि राजनीतिक दलों के द्रमुक गठबंधन में शामिल होने की संभावना है और अवसर आने पर उन्हें समायोजित किया जाएगा।
स्टालिन ने कहा कि द्रमुक ने अगले विधानसभा चुनाव के लिए तैयारी शुरू कर दी है तथा लोगों से मिलने और उन्हें सरकार की उपलब्धियों के बारे में बताने के लिए पार्टी मशीनरी को तैयार किया जा रहा है।
सत्तारूढ़ द्रमुक के चुनाव अभियान ‘ओरानियिल तमिलनाडु’ की शुरुआत करने के बाद स्टालिन ने संवाददाताओं से कहा, ‘द्रमुक लंबे समय से चुनाव की तैयारी कर रही है… हम 200 सीट जीतने के अपने लक्ष्य को भी पार कर सकते हैं।’
तमिलनाडु में विधानसभा में 234 सीट हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘इस पहल में हमारा चुनाव अभियान, सदस्यता पंजीकरण और तमिलनाडु के साथ केंद्र सरकार द्वारा किए गए ‘अन्याय’ के बारे में लोगों को जानकारी देना शामिल है। हम द्रमुक सरकार की उपलब्धियों को भी रेखांकित करेंगे।’
यह पूछे जाने पर कि क्या राजनीतिक दलों के द्रमुक गठबंधन में शामिल होने की संभावना है, उन्होंने कहा, ‘मौजूदा स्थिति को देखते हुए संभावना है। लेकिन जब अवसर आएगा तो हम उन्हें शामिल करने पर चर्चा करेंगे।’
ओरानियिल तमिलनाडु अभियान 45 दिनों तक चलेगा और तीन जुलाई से घर -घर अभियान शुरू किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पार्टी पदाधिकारी, राज्य के मंत्री और चुनाव प्रभारी लोगों के घर-घर जाकर उनसे मिलेंगे और केंद्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली सरकार के तमिलनाडु विरोधी रुख के बारे में बताएंगे।
स्टालिन ने कहा, ‘‘यह तमिलनाडु के सभी लोगों को तमिलनाडु के साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ एकजुट करने और उनके खिलाफ लड़ने का एक प्रयास है। उदाहरण के लिए, केंद्र हमारे खिलाफ राजनीतिक, सांस्कृतिक, भाषाई और आर्थिक रूप से काम कर रहा है।’
उन्होंने कहा कि तमिलनाडु, जो सभी पहलुओं में विकसित हो रहा था, उसे केंद्र सरकार द्वारा विभिन्न तरीकों से नजरअंदाज किया जा रहा है। स्टालिन ने कहा, ‘‘ये सब महज राजनीतिक बयानबाजी नहीं है, बल्कि तमिलनाडु के अधिकारों से जुड़ा है। राजनीतिक दलों और तमिलनाडु के लोगों को इसका विरोध करना चाहिए। इसलिए हम लोगों से मिलने जा रहे हैं, चाहे वे किसी भी पार्टी से जुड़े हों।’’
यह पूछे जाने पर कि क्या वह पूर्व मुख्यमंत्री और अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) महासचिव एडप्पादी के. पलानीस्वामी के घर जाएंगे, स्टालिन ने जवाब दिया, ‘यह परिस्थितियों पर निर्भर करता है। हमने पार्टी में सभी को (लोगों से मिलने का) काम सौंपा है और वे स्थिति के अनुसार जाएंगे। अगर मैं उस क्षेत्र में होता तो मैं जरूर जाता।’’
भाषा
अमित नरेश
नरेश