पोर्ट ब्लेयर, एक जुलाई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को अनिल तिवारी को पार्टी की अंडमान और निकोबार द्वीप इकाई का नया अध्यक्ष नियुक्त किया।
अजय बैरागी की जगह तिवारी का प्रदेश भाजपा प्रमुख के रूप में चयन पार्टी की औपचारिक आंतरिक चुनाव प्रक्रिया के माध्यम से किया गया।
भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने कहा, ‘हमने नामांकन, जांच और नाम वापसी की अंतिम तिथि 30 जून तय की। दिलचस्प बात यह है कि तिवारी के अलावा किसी ने नामांकन दाखिल नहीं किया। वह निर्विरोध पार्टी अध्यक्ष बन गए।’
तिवारी को अंडमान में पार्टी के बूथ प्रबंधन को मजबूत करने के पीछे प्रमुख नेताओं में से एक के रूप में जाना जाता है।
‘पीटीआई-भाषा’ से बातचीत में तिवारी ने कहा, ‘मैं स्थानीय और केंद्रीय नेतृत्व को पार्टी के मामलों को संभालने के लिए मुझ पर भरोसा जताने के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं। मेरा प्राथमिक लक्ष्य स्थानीय मुद्दों को हल करना होगा।’
तिवारी ने कहा कि वह केंद्र सरकार से अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में निर्वाचित सदस्यों को कार्यकारी शक्ति के साथ एक प्रदेश परिषद स्थापित करने का अनुरोध करेंगे।
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में त्रिस्तरीय पंचायत प्रणाली 1994 में लागू की गई थी। इसने प्रदेश परिषद प्रणाली की जगह ली, जो निरस्त हो चुकी अंडमान और निकोबार द्वीप समूह (प्रशासन) विनियमन, 1979 का हिस्सा थी।
तिवारी ने कहा, ‘हमारे यहां विधानसभा नहीं है और प्रदेश परिषद को 1994 में समाप्त कर दिया गया था। इससे स्थानीय लोगों के लिए विभिन्न कल्याणकारी कार्यों के त्वरित क्रियान्वयन में समस्या आ रही है।’
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़ाव वाले तिवारी 1990 में अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भाजपा में शामिल हुए थे। वह इससे पहले प्रदेश सचिव रह चुके हैं।
पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अजय बैरागी ने कहा, ‘हमें बहुत खुशी है कि अनिल जी पार्टी के नए प्रदेश अध्यक्ष बन गए हैं। हमें उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में पार्टी अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में और अधिक फलेगी-फूलेगी। हमारा प्राथमिक लक्ष्य सदस्यता अभियान को तेज करना और बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करना है।’
भाषा आशीष पवनेश
पवनेश