नयी दिल्ली, तीन जुलाई (भाषा) बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर उपजे विवाद के बीच, मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार ने बृहस्पतिवार को कहा कि यह प्रक्रिया सभी राजनीतिक दलों की सक्रिय भागीदारी से तय कार्यक्रम के अनुसार चल रही है और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सभी पात्र लोगों के नाम मतदाता सूची में शामिल हों।
कई विपक्षी दलों ने दावा किया है कि वर्तमान में जारी इस प्रक्रिया से कई लोग अपने संवैधानिक मताधिकार से वंचित हो जाएंगे।
यहां बूथ स्तरीय अधिकारियों के एक समूह को संबोधित करते हुए कुमार ने कहा, ‘‘बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का कार्यान्वयन सभी चुनाव कर्मियों और सभी राजनीतिक दलों की सक्रिय भागीदारी के साथ पारदर्शी तरीके से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चल रहा है।”
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा, “कुछ लोगों की आशंकाओं के बावजूद, एसआईआर यह सुनिश्चित करेगा कि सभी पात्र लोगों को इसमें शामिल किया जाए।’’
भाषा प्रशांत सुभाष
सुभाष