हैदराबाद, चार जुलाई (भाषा) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने शुक्रवार को पूर्ववर्ती आंध्र प्रदेश (अविभाजित) के पूर्व मुख्यमंत्री के. रोसैया की 92वीं जयंती के अवसर पर यहां उनकी प्रतिमा का अनावरण किया।
सितंबर 2009 में वाईएस राजशेखर रेड्डी के निधन के बाद रोसैया एक वर्ष से अधिक समय तक मुख्यमंत्री रहे थे।
संयुक्त आंध्र प्रदेश में कांग्रेस शासन के दौरान रोसैया ने वित्त मंत्री के रूप में 16 बार राज्य का बजट पेश किया था। दिसंबर 2021 में उनका निधन हो गया था। रोसैया की पूरी 50 वर्ष की राजनीति बेदाग रही और वह हमेशा विवादों से दूर रहे।
राज्य सरकार ने चार जुलाई को आधिकारिक तौर पर रोसैया की जयंती पर समारोह आयोजित करने के आदेश जारी किए।
मुख्यमंत्री रेड्डी ने बृहस्पतिवार को कहा कि कांग्रेस नेता ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद तमिलनाडु के राज्यपाल के रूप में भी सेवाएं दीं।
भाषा जितेंद्र मनीषा
मनीषा