मुंबई, पांच जुलाई (भाषा) मुंबई पुलिस ने 122 करोड़ रुपये के न्यू इंडिया को-ऑपरेटिव बैंक गबन मामले में शनिवार को लखनऊ से 47 वर्षीय एक आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस मामले में छह वांछित आरोपियों में एक पवन अमरसिंह जायसवाल को मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) की एक टीम ने सुबह करीब आठ बजे गिरफ्तार किया। आरोपी अमरसिंह जायसवाल भवन निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री का आपूर्तिकर्ता है।
झारखंड निवासी जायसवाल पर गबन की गई कुल रकम में से 3.50 करोड़ रुपये प्राप्त करने का आरोप है। अधिकारी ने बताया कि इस मामले में अब तक गिरफ्तार होने वाला जायसवाल नौवां व्यक्ति है।
उन्होंने बताया कि ईओडब्ल्यू को सूचना मिली थी कि आरोपी लखनऊ में रह रहा है। इसके बाद एक टीम को उत्तर प्रदेश की राजधानी के गोमतीनगर एक्सटेंशन भेजा गया और जायसवाल को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया।
अधिकारी ने बताया कि जायसवाल को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे सात जुलाई तक ट्रांजिट रिमांड पर भेज दिया गया है। आरोपी को मुंबई लाया जा रहा है।
ईओडब्ल्यू के अनुसार, बैंक के मुंबई स्थित प्रभादेवी और गोरेगांव कार्यालयों की तिजोरियों से 122 करोड़ रुपये निकाल लिए गए थे।
एजेंसी ने बैंक के पूर्व अध्यक्ष हिरेन भानु और उनकी पत्नी गौरी भानु सहित 10 आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दायर किया है। दोनों को भगोड़ा घोषित किया गया है।
भाषा रवि कांत रवि कांत धीरज
धीरज