नयी दिल्ली, पांच जुलाई (भाषा) दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) की ब्लू लाइन पर यमुना बैंक स्टेशन के आगे अचानक आई तकनीकी समस्या के कारण शनिवार शाम छह बजे के करीब मेट्रो सेवा बाधित रही। तकनीकी खामी से द्वारका की ओर मेट्रो का परिचालन ‘पीक ऑवर’ के दौरान करीब 45 मिनट बाधित रहा जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
‘भाषा’ संवाददाता ब्लू लाइन सेवा में आई तकनीकी समस्या के दौरान मेट्रो में सवार था।
वैशाली स्टेशन से शुरू हुई मेट्रो ट्रेन को यमुना बैंक स्टेशन से रवाना होने के बाद शाम करीब छह बजे तकनीकी खामी का सामना करना पड़ा। इस दौरान चालक द्वारा तकनीकी खामी की घोषणा करते हुए सेवा में विलंब होने की जानकारी दी गई। इसके बाद करीब 25 मिनट मेट्रो ट्रेन यमुना बैंक स्टेशन से लगभग 200 मीटर की दूरी पर खड़ी रही।
इसके बाद ट्रेन को पीछे की ओर चलाते हुए वापस यमुना बैंक स्टेशन लाया गया। शाम करीब 6.30 बजे यमुना बैंक स्टेशन पर पहुंचने के बाद भी ट्रेन 20 मिनट तक वहीं खड़ी रही। इस ट्रेन के अलावा नोएडा इलेक्ट्रॉनिक स्टेशन की ओर से आयी एक अन्य ट्रेन भी प्लेटफार्म पर खड़ी थी।
यमुना बैंक स्टेशन पर मेट्रो प्रशासन की ओर से उचित सूचना नहीं दिये जाने के कारण दोनों ट्रेन के यात्री काफी देर तक परेशान रहे। यात्री इस उम्मीद में एक ट्रेन छोड़कर दूसरी में सवार होते रहे कि वह पहले स्टेशन से जाएगी। हालांकि यमुना बैंक वापस आयी ट्रेन को रोककर नोएडा की ओर से आयी ट्रेन को आगे की यात्रा (इंद्रप्रस्थ स्टेशन की ओर) पहले रवाना किया गया। यमुना बैंक वापस आयी ट्रेन को उसके लगभग पांच-सात मिनट बाद इंद्रप्रस्थ स्टेशन की ओर रवाना किया गया।
इस संबंध में प्रतिक्रिया लेने के लिए दिल्ली मेट्रो के अधिकारियों से संपर्क का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
वहीं, सोशल मीडिया पर कई यात्रियों ने सेवा बाधित होने से हुई असुविधा का उल्लेख किया और कई ने ‘एक्स’ पर ‘डीएमआरसी’ को टैग भी किया।
अनुज सिंह नामक एक उपयोगकर्ता ने ‘एक्स’ पोस्ट किया, ‘‘मैं लगभग पिछले 50 मिनट से ब्लू लाइन पर सफर कर रहा हूं। ट्रेन केवल तीन स्टेशन ही आगे बढ़ी है। यह बहुत असुविधाजनक है…। कृपया इस मामले को देखिये।’’
वहीं, रोहित भगत नामक व्यक्ति ने पोस्ट किया, ‘‘डीएमआरसी ब्लू लाइन पर ट्रेन आज अत्यंत धीमी गति से चल रही है। कृपया इस मुद्दे को देखिये। यात्रियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।’’
नवीन गौतम नामक उपयोगकर्ता ने आफिशियलडीएमआरसी को टैग करते हुए पोस्ट किया, ‘‘ब्लू लाइट मेट्रो की सेवा में विलंब क्यों हो रहा है। ट्रेन प्रत्येक स्टेशन पर दो-तीन मिनट रुक रही है।’’
भाषा अमित पवनेश
पवनेश