26.2 C
Jaipur
Sunday, July 6, 2025

बिहार के जमुई में जल्द बनेगा कौशल विकास विश्वविद्यालय : चिराग पासवान

Newsबिहार के जमुई में जल्द बनेगा कौशल विकास विश्वविद्यालय : चिराग पासवान

(तस्वीरों के साथ)

पटना, पांच जुलाई (भाषा)केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने शनिवार को घोषणा की कि बिहार के जमुई जिले में जल्द ही एक ‘कौशल विकास विश्वविद्यालय’ स्थापित किया जाएगा। चिराग दो बार जमुई लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

चिराग पासवान मौजूदा लोकसभा में अपने दिवंगत पिता रामविलास पासवान के गढ़ माने जाने वाले हाजीपुर का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। वह राज्य की राजधानी पटना में रामविलास पासवान के जन्मदिन पर आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष ने कहा कि नया शिक्षण केंद्र बिहार अंतरराष्ट्रीय व्यापार संगठन (बीआईटीओ) द्वारा स्थापित किया जाएगा। बीआईटीओ एक बिहार के प्रवासियों का समूह है और जिसका उनकी पार्टी के साथ घनिष्ठ संबंध है।

चिराग ने कहा, ‘‘मेरे पिता जब केंद्रीय दूरसंचार मंत्री थे तब उन्होंने एक ऐसे समय की कल्पना की थी जब मोबाइल फोन सब्जियों की तरह सस्ते हो जाएंगे। वह सपना अब हकीकत बन गया है।’’

इस कार्यक्रम में बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान और पर्यटन मंत्री राजू सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग शामिल हुए।

चिराग पासवान ने बीआईटीओ की सराहना करते हुए कहा कि ‘‘यह संस्था दुनिया के विभिन्न हिस्सों में रहने वाले बिहारवासियों की मदद से ‘बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट’ के सपने को साकार करने में अपना योगदान दे रही है। जमुई में प्रस्तावित कौशल विश्वविद्यालय इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा।’’

लोकसभा में जमुई निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व अब अरुण भारती कर रहे हैं जो चिराग पासवान के जीजा हैं।

राज्य के पर्यटन मंत्री ने भी बीआईटीओ की प्रशंसा की और कहा कि संगठन ने पहले ही ‘‘जमुई में 108 बिस्तरों वाला एक अस्पताल स्थापित किया है और पूरे बिहार में स्वास्थ्य सेवा केंद्र स्थापित करना चाहता है।’’

भाषा धीरज माधव

माधव

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles