जयपुर, पांच जुलाई (भाषा) राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने शनिवार को कहा कि देश को बौद्धिक और शारीरिक रूप से सुदृढ़ करना आज के दौर की सर्वाधिक जरूरत है।
बागडे ने यहां विद्या भारती के प्रतिभा सम्मान समारोह में यह बात कही।
उन्होंने कहा कि भारत ने ही ‘जीरो’ (शून्य) की संख्या विश्व भर को दी इसी से आगे की गिनती प्रारंभ हुई। राज्यपाल ने कहा कि शिवकर बापूजी तलपड़े ने 1895 में भारत में पहला हवाई जहाज उड़ाया था पर विमान उड़ाने का श्रेय राइट बंधुओं को मिला।
राज्यपाल ने विनोबा भावे के कहे की चर्चा करते हुए कहा कि जिस दिन देश में आजादी के बाद झंडा बदला गया, उसी दिन देश की शिक्षा नीति में बदलाव होना चाहिए था। शिक्षा का भारतीयकरण होना चाहिए था।
आधिकारिक बयान के अनुसार राज्यपाल ने कहा कि जितने गुरुकुल कभी भारत में थे उतने इंग्लैंड में विद्यालय नहीं थे। गुरुकुल में सर्वांगीण विकास की शिक्षा दी जाती थी। उन्होंने कहा कि गुरुकुल में 16 भाषाएं सिखाई जाती थीं। आज तो तीसरी भाषा का भी विरोध किया जा रहा है।
भाषा
पृथ्वी, रवि कांत
रवि कांत