भुवनेश्वर, सात जुलाई (भाषा) बीजू जनता दल (बीजद) के अध्यक्ष नवीन पटनायक को ग्रीवा गठिया संबंधी रीढ़ की सफल सर्जरी के बाद मुंबई के एक निजी अस्पताल से सोमवार को छुट्टी दे दी गई। पार्टी के एक नेता ने यह जानकारी दी।
ओडिशा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की 22 जून को मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में चिकित्सीय प्रक्रिया हुई थी।
बीजद नेता संतृप्त मिश्रा ने कहा, ‘‘नेता प्रतिपक्ष को सोमवार को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। वह अभी मुंबई में ही रहेंगे। चिकित्सक बताएंगे कि वह कब ओडिशा लौट सकते हैं।’’
अस्पताल सूत्रों ने बताया कि पटनायक की स्वास्थ्य स्थिति में सुधार होने के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे सहित कई लोगों ने सर्जरी के बाद पटनायक के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
बड़ी संख्या में बीजद नेता और कार्यकर्ता ओडिशा के विभिन्न मंदिरों में एकत्र हुए और पटनायक की सफल सर्जरी के लिए प्रार्थना की।
पटनायक की अनुपस्थिति में उपाध्यक्ष देबी मिश्रा के नेतृत्व में बीजद की 15 सदस्यीय समिति पार्टी मामलों की देखरेख कर रही है।
भाषा
प्रीति नेत्रपाल
नेत्रपाल