बेंगलुरु, आठ जुलाई (भाषा) कर्नाटक के नगर निगम कर्मचारी संगठनों के परिसंघ के बैनर तले कर्मचारियों के हड़ताल पर चले जाने के कारण मंगलवार को बृहत बेंगलुरु महानगर पालिका (बीबीएमपी) सहित राज्य के 11 नगर निगमों में कामकाज बाधित रहा।
परिसंघ के प्रदेश अध्यक्ष ए अमृत राज ने कहा कि बीबीएमपी कर्मचारियों ने अपना विरोध प्रदर्शन समाप्त कर दिया है, लेकिन 10 अन्य नगर निगमों के कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी।
बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया गया। राज्य की राजधानी में एक प्रमुख मांग अनुसूचित जाति सर्वेक्षण के दौरान कथित चूक के संबंध में निलंबित किए गए राजस्व अधिकारियों की बहाली है।
राज के अनुसार, बीबीएमपी के मुख्य आयुक्त तुषार गिरि नाथ ने कर्मचारियों को आश्वासन दिया कि निलंबित कर्मियों से संबंधित मुद्दों की जांच की जाएगी।
उन्होंने कर्मचारियों से यह भी कहा कि उनकी मांगों से राज्य सरकार को अवगत करा दिया जाएगा।
भाषा नेत्रपाल सुरेश
सुरेश