30.2 C
Jaipur
Thursday, July 10, 2025

पीयूष गोयल ने आसियान के साथ व्यापार समझौते की समीक्षा में तेजी लाने पर जताई उत्सुकता

Fast Newsपीयूष गोयल ने आसियान के साथ व्यापार समझौते की समीक्षा में तेजी लाने पर जताई उत्सुकता

नयी दिल्ली, 10 जुलाई (भाषा) वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बृहस्पतिवार को कहा कि मौजूदा व्यापार समझौते की समीक्षा के लिए आसियान के साथ चर्चा जारी है और वह वार्ता में तेजी लाने को उत्सुक हैं।

गोयल और मलेशिया के उनके समकक्ष टी. जफरुल अजीज के बीच बैठक के दौरान यह मुद्दा उठा।

केंद्रीय मंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘ मलेशिया के निवेश, व्यापार एवं उद्योग मंत्री टी. जफरुल अजीज के साथ सार्थक बैठक की। मलेशिया, आसियान में आर्थिक मामलों पर भारत का स्थायी समन्वयक है।’’

मंत्रियों ने आसियान भारत वस्तु व्यापार समझौते (एआईटीआईजीए) की चल रही समीक्षा और उससे जुड़ी चुनौतियों का समाधान तलाशने पर चर्चा की।

उन्होंने कहा, ‘‘ निष्पक्ष व्यापार एवं संतुलित वृद्धि सुनिश्चित करने के लिए आसियान सदस्य देशों के साथ त्वरित चर्चा की उम्मीद है। हमने दोनों देशों के बीच व्यापक आर्थिक सहयोग समझौते (सीईसीए) पर चर्चा को आगे बढ़ाने पर भी बात की।’’

यह टिप्पणी इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि समीक्षा वार्ता धीमी गति से आगे बढ़ रही है।

समझौते की समीक्षा भारतीय उद्योग जगत की लंबित मांग है। भारत एक उन्नत समझौते की उम्मीद कर रहा है, जो द्विपक्षीय व्यापार में मौजूदा विषमताओं को दूर करेगा एवं व्यापार को अधिक संतुलित व टिकाऊ बनाएगा।

आसियान में ब्रुनेई, कंबोडिया, इंडोनेशिया, लाओस, मलेशिया, म्यांमा, फिलीपीन, सिंगापुर, थाईलैंड और वियतनाम शामिल हैं।

भारत और 10 देशों के समूह आसियान (दक्षिण-पूर्व एशियाई राष्ट्र संघ) के बीच वस्तुओं के क्षेत्र में मुक्त व्यापार समझौते पर 2009 में हस्ताक्षर किए गए थे।

आसियान व्यापार समझौता जनवरी 2010 में लागू हुआ। अगस्त 2023 में दोनों पक्षों ने 2025 तक वस्तुओं पर मौजूदा समझौते की पूर्ण समीक्षा की घोषणा की थी।

भाषा निहारिका मनीषा

मनीषा

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles