हैदराबाद, 10 जुलाई (भाषा) हैदराबाद में मिलावटी ताड़ी पीने से मरने वालों की संख्या बढ़कर चार हो गई है और 37 अन्य अस्पताल में भर्ती हैं। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
साइबराबाद के एक पुलिस अधिकारी के अनुसार संदिग्ध मौत के चार मामले दर्ज किए गए हैं।
अधिकारी ने कहा कि कथित तौर पर ताड़ी पीने के बाद वे बीमार पड़ गए थे।
उन्होंने कहा, ‘‘ जब तक हमें पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट नहीं मिल जाती, हम निर्णायक रूप से कुछ नहीं कह सकते। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है। विसरा ‘फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी’ (एफएसएल) भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों के बारे में हम कुछ बता सकते हैं और फिर धाराओं में बदलाव किया जाएगा।’’
स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि 31 प्रभावितों का सरकारी अस्पताल में इलाज किया जा रहा है, जबकि छह अन्य को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि इन लोगों ने छह जुलाई और आठ जुलाई को कुकटपल्ली, बालानगर और शहर के अन्य इलाकों में विभिन्न दुकानों में ताड़ी पी थी और मंगलवार को उन्हें तबीयत खराब होने के बाद विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया था।
आबकारी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि उन्होंने इस घटना के सिलसिले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।
अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि जिन दुकानों में लोगों ने ताड़ी का सेवन किया था, उन्हें सील कर दिया गया है और वहां से नमूने एकत्र कर रासायनिक विश्लेषण के लिए भेज दिए गए हैं।
भाषा शोभना मनीषा
मनीषा