ठाणे, 10 जुलाई (भाषा) ठाणे में एक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ने बृहस्पतिवार को स्कूलों से छात्रों की दैनिक शिक्षा में सड़क सुरक्षा को शामिल करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि दुर्घटनाओं को कम करने और छोटी उम्र से ही सड़क के जिम्मेदार उपयोग की संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए यह अहम है।
यहां एक स्कूल के कार्यक्रम में आरटीओ अधिकारी हेमांगी पाटिल ने यातायात संबंधी आचरण को आकार देने में स्कूलों और शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रेखांकित की। उन्होंने कहा, ‘‘महाराष्ट्र गीत की तरह स्कूलों में रोज सड़क सुरक्षा भी सिखाई जानी चाहिए।’’
पाटिल ने कहा कि बच्चे अपने अभिभावकों से अधिक अपने शिक्षकों की बात सुनते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा, ‘अगर बच्चे कम उम्र में यातायात नियमों का पालन करना सीख जाएं तो दुर्घटनाओं की संख्या काफी हद तक कम हो जाएगी।’’
अधिकारी ने कहा कि महाराष्ट्र के ठाणे शहर में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या कम हुई है। उन्होंने निकट भविष्य में ठाणे को ‘शून्य दुर्घटना शहर’ बनाने का अपना लक्ष्य भी दोहराया।
भाषा Intern मनीषा
मनीषा