26.7 C
Jaipur
Friday, July 11, 2025

ममता का भाजपा पर दिल्ली की जयहिंद कॉलोनी में ‘चुन-चुन कर बंगालियों का उत्पीड़न’ करने का आरोप

Newsममता का भाजपा पर दिल्ली की जयहिंद कॉलोनी में ‘चुन-चुन कर बंगालियों का उत्पीड़न’ करने का आरोप

(फाइल फोटो के साथ)

कोलकाता, 10 जुलाई (भाषा) पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बृहस्पतिवार को भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि वह दिल्ली की जय हिंद कॉलोनी में बंगाली प्रवासी श्रमिकों को निशाना बना रही है और राज्य की सीमाओं से बाहर अपना बंगाली विरोधी एजेंडा फैला रही है।

फेसबुक पर कड़े शब्दों में लिखे पोस्ट में बनर्जी ने कहा कि वह राष्ट्रीय राजधानी के वसंत कुंज इलाके में बंगाली निवासियों के उत्पीड़न और जबरन बेदखली की खबरों से ‘बेहद परेशान’ हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नीत प्रशासन ने बंगाली निवासियों को विस्थापित करने के प्रयास में उन्हें पानी और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित कर दिया है।

तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष बनर्जी ने कहा, ‘‘मैं नयी दिल्ली के वसंत कुंज स्थित जय हिंद कॉलोनी से उत्पीड़न की चौंकाने वाली खबर सुनकर बहुत परेशान हूं। इस कॉलोनी में मुख्य रूप से बंगाली लोग रहते हैं, जिन्होंने शहर के असंगठित कार्यबल के हिस्से के रूप में निर्माण किया है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘कथित तौर पर भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार के आदेश पर उनकी पानी की आपूर्ति काट दी गई। बिजली के मीटर जब्त कर लिए गए और परसों अचानक बिजली काट दी गई। कॉलोनी के निवासियों का यह भी दावा है कि दिल्ली पुलिस ने आरएएफ कर्मियों के सहयोग से उनके द्वारा मंगवाए गए पानी के निजी टैंकरों को रोक दिया जिनके लिए उन्होंने भुगतान किया था। ’’

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘गत दिसंबर में दिल्ली पुलिस द्वारा एक अन्य उल्लंघन के बाद मामला न्यायालय में विचाराधीन होने के बावजूद, जबरन बेदखली की जा रही है। अगर आश्रय, पानी, बिजली के बुनियादी अधिकारों को कुचला जा रहा है, तो हम एक लोकतांत्रिक गणराज्य होने का दावा कैसे कर सकते हैं?’’

उन्होंने चेतावनी दी कि इस तरह की कार्रवाई बांग्ला भाषी भारतीयों की पहचान और भाषा का अपराधीकरण करने के समान है। उन्होंने भाजपा पर बांग्ला भाषी लोगों के साथ ‘अपने ही देश में घुसपैठियों’ जैसा व्यवहार करने का आरोप लगाया।

बनर्जी ने कहा, ‘‘बंगाल में डेढ़ करोड़ से ज्यादा प्रवासी मजदूर हैं जो सम्मान के साथ रह रहे हैं। लेकिन भाजपा शासित राज्यों के बारे में ऐसा नहीं कहा जा सकता, जहां बंगालियों के साथ अपने ही देश में घुसपैठियों जैसा व्यवहार किया जा रहा है। बांग्ला बोलने से कोई बांग्लादेशी नहीं हो जाता। ये लोग भी उतने ही भारत के नागरिक हैं जितने कोई और, चाहे वे कोई भी भाषा बोलते हों।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में राजनीतिक रूप से हावी होने में ‘विफल’ होने के बाद, भाजपा अब गुजरात, महाराष्ट्र, ओडिशा और मध्यप्रदेश जैसे भाजपा शासित राज्यों में बंगालियों को ‘रणनीतिक रूप से निशाना’ बना रही है।

उन्होंने ऐलान किया कि बंगाल ‘चुप नहीं बैठेगा।’ उन्होंने इस मामले को हर संभव मंच पर उठाने का संकल्प लिया।

यह घटनाक्रम बुधवार को उठे एक राजनीतिक विवाद के बाद सामने आया है, जब पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने भाजपा के नेतृत्व वाली ओडिशा सरकार पर झारसुगुड़ा जिले में बांग्ला भाषी प्रवासी श्रमिकों को वैध दस्तावेजों के बावजूद अवैध रूप से हिरासत में रखने का आरोप लगाया था। ओडिशा पुलिस ने इस आरोप को ‘सत्यापन योग्य कागजात’ की कमी का हवाला देते हुए तुरंत खारिज कर दिया था।

भाषा राजकुमार वैभव

वैभव

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles