नयी दिल्ली, 13 जुलाई (भाषा) सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन (एससीबीए) के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता दुष्यंत दवे ने चार दशक से अधिक समय तक वकालत करने के बाद इस पेशे से संन्यास लेने का फैसला किया है।
दवे ने व्हाट्सऐप संदेश में कहा, ‘‘बार में 48 शानदार वर्ष बिताने और हाल ही में अपना 70वां जन्मदिन मनाने के बाद, मैंने कानून का पेशा छोड़ने का निर्णय लिया है।’’
दवे का जन्म 27 अक्टूबर, 1954 को हुआ था। उन्होंने 1978 में गुजरात में अपनी वकालत शुरू की और बाद में 1980 के दशक के मध्य में दिल्ली आकर उच्चतम न्यायालय के एक शीर्ष वकील का मुकाम हासिल किया। उन्हें 1998 में उच्चतम न्यायालय ने वरिष्ठ अधिवक्ता का दर्जा दिया।
दवे के पिता न्यायमूर्ति अरविंद दवे गुजरात उच्च न्यायालय में न्यायाधीश थे।
भाषा धीरज सुरेश
सुरेश