बेंगलुरु, 14 जुलाई (भाषा) कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया, उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने दिग्गज दक्षिण भारतीय अभिनेत्री बी. सरोजा देवी के निधन पर शोक जताया और उन्हें ‘अभिनय सरस्वती’ के रूप में याद किया। सरोजा देवी को इसी नाम से संबोधित किया जाता था।
सरोजा देवी का सोमवार को बेंगलुरु में मल्लेश्वरम स्थित उनके आवास पर निधन हो गया। वह 87 वर्ष की थीं।
उन्होंने तमिल, तेलुगु और हिंदी की 200 से अधिक फिल्मों में काम किया है।
सिद्धरमैया ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किए गए अपने शोक संदेश में कहा कि उनका जाना भारतीय सिनेमा के लिए एक बहुत बड़ी क्षति है।
उन्होंने कहा, ‘‘जानी मानी कन्नड़ अभिनेत्री बी. सरोजा देवी के निधन की खबर बेहद दुखदायी है। उन्होंने तमिल, तेलुगु, हिंदी और कन्नड़ भाषाओं की 200 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया और उन्हें ‘अभिनय सरस्वती’ के नाम से जाना जाता था।’’
उन्होंने कहा, ‘‘जब हम सरोजा देवी के बारे में सोचते हैं तो कित्तूर चेन्नम्मा, बब्रुवाहन, अन्ना थांगी जैसी फिल्मों में उनके भावपूर्ण अभिनय हमारे जेहन में आते हैं। उन्होंने दशकों तक फिल्म प्रेमियों का मनोरंजन किया।’’
उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने भी ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘अभिनय सरस्वती को भावपूर्ण विदाई।’’
उन्होंने कहा, ‘‘अभिनय सरस्वती के नाम से मशहूर वरिष्ठ कन्नड़ अभिनेत्री बी. सरोजा देवी के निधन की खबर दुखद है। उन्होंने पांच भाषाओं में अभिनय किया और छह दशकों तक फिल्म जगत की सेवा की।’’
विधानसभा में विपक्ष के नेता आर. अशोक ने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि उनका निधन न केवल कन्नड़ बल्कि पूरे भारतीय सिनेमा के लिए एक अपूरणीय क्षति है।
पूर्व मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने कहा कि सरोजा देवी को भारतीय फिल्म उद्योग की महानतम अभिनेत्रियों में से एक माना जाता था। बोम्मई ने कहा, ‘‘उन्होंने कई पौराणिक और ऐतिहासिक फिल्मों में अभिनय किया था और वह कन्नड़ लोगों के बीच एक जाना-पहचाना नाम थीं। कित्तूर चेन्नम्मा का उनका किरदार आज भी सभी को याद है।’’
उन्होंने कहा कि उनकी उपलब्धियों को देखते हुए पद्मश्री और पद्मभूषण पुरस्कार के लिए उनके नाम की सिफारिश की गई थी।
भाषा सुरभि नरेश
नरेश